मुंबई में भारी बारिश से जलभराव, नुब्रा घाटी में एयरफोर्स का रेस्क्यू ऑपरेशन, अंधेरी में पानी-पानी, छत्तीसगढ़ में वॉटरफॉल हादसा, स्कूल की छत ढही
मुंबई, केरल, छत्तीसगढ़ और लेह में मानसून ने भारी तबाही मचाई, मुंबई में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट।

देशभर में मानसून का असर तेज है। मुंबई में जलभराव, केरल में स्कूल की छत गिरने से हड़कंप, छत्तीसगढ़ में वॉटरफॉल हादसा और लेह में फंसे नागरिकों का एयरफोर्स ने रेस्क्यू किया।
देश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुंबई में रविवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे अंधेरी समेत कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया है। इससे मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। अंधेरी सबवे में पानी भरने के कारण अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे तक मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
मुंबई की झीलें भरने लगीं
बारिश के चलते मुंबई को जल आपूर्ति करने वाली झीलों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बृहन्मुंबई नगर निगम के 19 जुलाई के आंकड़ों के अनुसार, सात जलाशयों में कुल पानी का स्टॉक 81.86% तक पहुंच गया है, जो लगभग 11,84,796 मिलियन लीटर है। अपर वैतरणा, मोदक सागर, तानसा, मिडिल वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी झीलें शहर को पीने का पानी उपलब्ध कराती हैं।
छत्तीसगढ़ में वॉटरफॉल हादसा
इधर, छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कवर्धा जिले के रानीदहरा वॉटरफॉल घूमने आए पांच पर्यटक पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि एक लापता है। तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
केरल में स्कूल की छत गिरी
केरल के अलपुझा के कार्तिकप्पल्ली में भारी बारिश के कारण एक 150 साल पुराने सरकारी स्कूल की छत गिर गई। स्कूल में 1000 से अधिक छात्र पढ़ते हैं। गनीमत रही कि रविवार को स्कूल बंद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
लेह में रेस्क्यू ऑपरेशन
लेह की नुब्रा घाटी में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से 21 नागरिक फंस गए थे, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं। भारतीय वायुसेना ने सभी का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
मध्यप्रदेश में औसत से ज्यादा बारिश
मध्यप्रदेश में अब तक औसतन 20.5 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि इस समय तक सामान्य 12.3 इंच बारिश होती है। यानी 66% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
मौसम का पूर्वानुमान
आईएमडी ने मुंबई के लिए बारिश की चेतावनी दी है लेकिन अब तक कलर-कोडेड अलर्ट जारी नहीं किया। अगले कुछ दिन तक मुंबई में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी।