मुख्य खबरेविविधसेंधवा

एक पेड़ मां के नाम” अभियान की सेंधवा से हुई शुरुआत, अजजा आयोग अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने किया पौधारोपण

सेंधवा। रमन बोरखड़े। देश और विदेश में पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति को लेकर पूरे विश्व में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत देशवासियों से अपील की गई है कि वे अपनी मां के नाम से एक पौधा जरूर लगाएं। इस प्रेरणादायक संदेश से प्रभावित होकर अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान को आगे बढ़ाया है।

मंगलवार, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़वानी जिले के सेंधवा नगर में इस अभियान की शुरुआत की गई। अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, देवझिरी पार्क में पौधारोपण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर अंतरसिंह आर्य ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का मूल आधार है। यह न केवल हमें भोजन, पानी, और हवा उपलब्ध कराता है, बल्कि जैव विविधता को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। पर्यावरण की रक्षा करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

नगर परिषद अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने लाल चंदन का पौधा लगाते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने घर के आंगन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण शुद्ध होगा बल्कि वर्षा भी अच्छी होगी।

उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने जैतून का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण पर एक स्लोगन के माध्यम से संदेश दिया – “पर्यावरण है हम सबकी जान, इसलिए रखो इसका ध्यान। पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है, प्लास्टिक को बंद करवाना है। हरियाली फैलाएं, पर्यावरण बचाएं।”

भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस हर वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी ताकि विश्वभर में पर्यावरण को लेकर राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता फैलाई जा सके।

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं बहुपयोगी पौधे लगाए गए। अंतरसिंह आर्य ने बहुगुणी पौधा रोपा, जिसके बीज शुगर नियंत्रण में सहायक होते हैं और पत्तियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है। लक्ष्मी शर्मा ने बिल्व पत्र का पौधा लगाया, जो धार्मिक और आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी द्वारा लगाया गया जैतून का पौधा 800 से 2000 वर्षों तक जीवित रह सकता है। इसके अलावा अग्रबुद पौधा भी लगाया गया, जिसकी लकड़ी से निकलने वाला तेल लगभग 80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के मूल्य पर बिकता है।

कार्यक्रम में नपा सीएमओ मधु चौधरी, पार्षद गणेश राठौड़, सचिन शर्मा, ललिता शर्मा, ललिता आर्य, प्रिया पवार, सुनील शर्मा, सुनील भिंडा, रामेश्वर पालीवाल, विवेक छाबड़ा, विजय स्वामी, प्रकाश ठक्कर, रमेश पाल और विवेक तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की एक प्रेरणादायक पहल भी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!