खाचरोद जेल में शनिदेव की भव्य स्थापना, कैदियों ने पाई आध्यात्मिक अनुभूति*
महामंडलेश्वर डॉ. दादू महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ दिव्य अनुष्ठान

*खाचरोद जेल में शनिदेव की भव्य स्थापना, कैदियों ने पाई आध्यात्मिक अनुभूति*
महामंडलेश्वर डॉ. दादू महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ दिव्य अनुष्ठान
खाचरोद । खाचरोद जेल परिसर में शनिवार को आध्यात्मिकता और भक्ति का दुर्लभ संगम देखने को मिला, जब परम पूज्य महामंडलेश्वर डॉ. दादू महाराज जी के सानिध्य में शनिदेव की भव्य और विधिवत स्थापना की गई। यह आयोजन कैदियों के आध्यात्मिक उत्थान और मानसिक शांति हेतु समर्पित था।
पूरे विधि-विधान और वैदिक परंपराओं के अनुरूप सर्वप्रथम शनिदेव का अधिवास सम्पन्न हुआ—जिसमें जल, दुग्ध, फल, पुष्प, अन्न, शयन आदि का क्रमशः दिवास कराया गया। पंडित महेन्द्र कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में कलश स्थापना, नवग्रह मंडल पूजन एवं विभिन्न तीर्थों के पवित्र जल से शनिदेव का पंचामृत व गंधोदक स्नान कराकर भव्य अभिषेक किया गया।
पूजन के उपरांत शनिदेव के विविध मंत्रों से आहुतियां प्रदान की गईं तथा सर्व विघ्न बाधा शांति के लिए विशेष हवन का आयोजन किया गया। पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती सम्पन्न हुई और समस्त बंदियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान कैदियों ने श्रद्धा से सामूहिक शनि चालीसा का पाठ व मंत्र जाप कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में जेल अधीक्षक श्री लक्ष्मण सिंह भदौरिया, जेलर श्री सुरेन्द्र सिंह राणावत, प्रहरी संजय जी, पत्रकार सन्नी जादम, समाजसेवी बद्रीलाल धनगर व रीतेश चौथवानी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बंदियों के चेहरों पर पहली बार अध्यात्म की आभा और आत्मिक शांति का साक्षात अनुभव देखने को मिला। यह आयोजन न सिर्फ एक धार्मिक क्रिया था, बल्कि एक नवचेतना, एक विश्वास और आत्मशुद्धि की दिशा में सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।