सेंधवा नगर पालिका को मिला ISO सर्टिफिकेट, जनसेवाओं में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन द्वारा 3 जून 2028 तक वैध प्रमाण पत्र प्रदान

सेंधवा। नगर पालिका परिषद सेंधवा को नगर सेवाओं और शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के चलते ISO (अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन) का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाण पत्र नगर पालिका को 3 जून 2028 तक के लिए मान्य रहेगा।
इस सम्मान को रोज सर्टिफिकेशन सर्विसेज, भोपाल की डायरेक्टर रोशनी सिंह ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) मधु चौधरी और कर्मचारियों को प्रदान किया।
कड़ी प्रक्रिया के बाद मिला सर्टिफिकेट-
नगर पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ISO सर्टिफिकेट के लिए आवेदन करीब चार माह पूर्व किया गया था। इसके बाद तीन माह की गहन जांच प्रक्रिया के दौरान नगर पालिका की सात शाखाओं का चार बार सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान जो कमियां पाई गईं, उन्हें नगर पालिका द्वारा समय रहते सुधार लिया गया। सर्वे टीम की संतुष्टि के बाद सेंधवा नगर पालिका को ISO सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
बेहतर सेवाओं का मिला सम्मान –
रोज सर्टिफिकेशन सर्विसेज द्वारा नगर पालिका की सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जल आपूर्ति, स्वच्छता सेवाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नागरिक सुविधाएं, स्ट्रीट लाइट, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सीसी सड़कें, नालियों के निर्माण, महिला सशक्तिकरण, कोविड-19 प्रबंधन और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) जैसे कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जताई खुशी –
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि ISO सर्टिफिकेट मिलना नगर पालिका के लिए गर्व की बात है। यह सिद्ध करता है कि हमारी संस्था जनहित में अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने जनता और नगर पालिका कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों की मेहनत का नतीजा: CMO-
CMO मधु चौधरी ने कहा कि ISO सर्टिफिकेट नगर पालिका की सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमाण है। यह हमारे कर्मचारियों की मेहनत, लगन और ईमानदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता मिशन सहित अन्य योजनाओं में भी नगर पालिका को अच्छे अंक मिलने की संभावना बढ़ेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका उपयंत्री सचिन अलुने, विशाल जोशी, दयानंद पाटीदार, संतोष वर्मा, अमित जाधव, निलेश पालीवाल, अनसिंह बिलावल और प्रवक्ता सुनील अग्रवाल सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।