मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण; सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ जनहित योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने का अभियान

सेंधवा। रमन बोरखड़े।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा नगर मंडल द्वारा तलावड़ी स्थित वार्ड क्रमांक 6, शास्त्री कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास आर्य ने कहा कि “विकसित भारत के अमृतकाल में मोदी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के माध्यम से देश को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाएं गरीबी हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। लोगों का जीवन स्तर तेजी से सुधर रहा है।”
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा हर मंडल स्तर पर जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें धन्यवाद दिया जा रहा है। साथ ही जिन लोगों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उन्हें आवेदन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि “70 वर्ष से अधिक उम्र के जिन व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें जल्द से जल्द कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकें।”
नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने बताया कि नगर पालिका के माध्यम से अब तक 3600 से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत कराए गए हैं। इससे अनेक परिवारों के कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकान बन गए हैं, जिससे वे बारिश के मौसम में सुरक्षित हैं।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी ने कहा कि मोदी सरकार ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर आयुष्मान भारत योजना के तहत उनका भविष्य सुरक्षित किया है। बद्री प्रसाद शर्मा ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने किया और आभार गणेश राठौड़ ने व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल पवार, नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पार्षद लता चौधरी, अनीता धामोने, ललिता शर्मा, प्रकाश निकुम, कालू सावले, अखिलेश पवार, शकीर मंसूरी, विवेक छाबड़ा, विवेक तिवारी, सुनील भिंडा, रामेश्वर पालीवाल, निलेश जैन और प्रकाश ठक्कर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।