सेंधवा नपा चुनाव में भाजपा कांग्रेस से कई दिग्गज हो सकते है पार्षद पद के उम्मीदवार, एआईएमआईएम की भी होगी एंट्री

सेंधवा।
सेंधवा में नपा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी जहां वार्डों में सर्वे करवा कर जीतने वाले प्रत्याशी को ही टिकट देने की बात कह रही है। वहीं कांग्रेस इस बार वरिष्ठ नेताओं को पार्षद का टिकट देगी। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने भी आए हैं, लेकिन अभी सभी नामों पर अंतिम मुहर लगना बाकी है। व्हीं नगर पालिका चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद से ही दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ ही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन भी उम्मीदवारो को टिकट देकर उन्हें मैदान में उतारने की तैयारी में है।
एआईएमआईएम भी शहर के 8 से 9 वार्डों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। इधर सेंधवा विधायक ग्यारसीलाल रावत ने बताया कि इस बार कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ नगर पालिका चुनाव लड़ेगी। पर्यवेक्षक के ओर से कुछ दिन पूर्व बैठक ली गई। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं के नाम पर सहमति बनी है। जिनमें पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र मोतियानी, नानालाल बुद्धदेव, वली शेख, हरचरणसिंह भाटिया, दिलीप काका, सुरेश तेलंगू जैसे वरिष्ठ लोगों को चुनाव लड़ने के लिए सहमति बनी है।
वहीं भाजपा भी नगर पालिका चुनाव को लेकर रणनीति बना रही है। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया की लगातार तीन बार से नगर पालिका में भाजपा की परिषद है और भाजपा से ही अध्यक्ष है। इस बार भी भाजपा चौका लगाते हुए भाजपा की परिषद बनाएगी अध्यक्ष भी भाजपा का होगा। वहीं भाजपा के दिग्गजों में शामिल वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मोहन जोशी, नपा उपाध्यक्ष अशोक (छोटू) चौधरी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी जयंत शर्मा भी मैदान में नजर आएंगे। इनके नामों पर लगभग सहमति बन गई। 6 जनवरी को अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
इधर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के जिला अध्यक्ष अफजल सैयद का कहना है कि 24 वार्डों से नामों की एक सूची पार्टी कार्यालय हैदराबाद भेजी गई है। वहां से अंतिम निर्णय आना बाकी है। उन्होंने कहा कि वार्ड क्रमांक 15 और 11 में मतदाता उन्हें चुनाव लड़ने के लिए पसंद कर रहे हैं, इसलिए वे इन दोनों में से किसी एक वार्ड में चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड न. 2, 3, 4, 22, और 19 से उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे।
बता दे एआईएमआईएम के नगर पालिका चुनाव में उतरने से भाजपा कांग्रेस दोनों के जीत के गणित बिगड़ सकते है। अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है कि भाजपा कांग्रेस से जो दिग्गज चुनाव लड़ रहे है वो नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी के प्रबल दावेदार है।