महिला मैकेनिकों द्वारा टू—व्हीलर सर्विसिंग की घर पहुंच सेवा का शुभारंभ
मैकेनिक आन काल के नाम से शहर में शुरू हुई अनूठी पहल
इंदौर से विनोद गोयल की रिपोर्ट:-
इन्दौर। टू—व्हीलर सर्विसिंग का काम अब तक सिर्फ गैराज पर ही होता रहा है, लेकिन महिला मैकेनिकों के प्रयास से अब यह आपके घर पर ही संभव होगा। ब्रिजस्टोन इंडिया प्रा. लि. के सहयोग से समान सोसायटी द्वारा आज शहर में आज ‘मैकेनिक आन काल’ के नाम से टू—व्हीलर सर्विसिंग की घर पहुंच सेवा शुरू की गई। इसका शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक डॉ. संध्या व्यास ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह संभवतया पूरे देश के एक मात्र ऐसी सेवा होगी, जो महिला मैकेनिकों द्वारा संचालित की जाएगी। इस अवसर पर संयुक्त संचालक डॉ. संध्या व्यास ने कहा कि समान सोसायटी और इन्दौर की महिलाओं का यह अनूठा प्रयास है, जिसमें समान की इस धारणा को तोड़ की महिलाएं सिर्फ घर के काम ही कर सकती है। बल्कि आज महिलांए मैकेनिक से लेकर ड्राईविंग तक के रोजगार में शामिल हो रही है। इसके लिए समान सोसायटी बधाई की पात्र है।
इस अवसर पर इन्दौर के जाने—माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं सिनीयर चार्टर्ड एकाउंटेंट श्री राजेन्द्र गोयल ने बचत के महत्व अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि हम जो पैसा कमाते हैं, उसमें से भविष्य के लिए कुछ न कुछ बचत करना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने भारत सरकार की उन योजनाओं के बारे में बताया।
मैकेनिक आन काल को जमीनी स्तर पर साकार करने वाली संस्था समान सोसायटी के डायरेक्टर राजेन्द्र बंधु ने इस अवसर पर कहा कि ‘संस्था द्वारा इन्दौर की शहर में 1000 से अधिक महिलाओं को ऐसे रोजगार से जोड़ा गया है। इसी कड़ी में कई महिलाओं को टू—व्हीलर रिपेयर एवं सर्विसिंग का प्रशिक्षण देकर मैकेनिक के रूप में नई पहचान बनाने का अवसर दिया गया और शहर में महिला मैकेनिक गैराज स्थापित किए गए। मैकेनिक आन काल इसी प्रयास की अगली कड़ी है, जो लोगों की मांग पर शुरू की गई।’
इस यह सेवा शुरू होने के बाद महिला मैकेनिक एक काल अपने टू—व्हीलर पर बाईक सर्विसिंग एवं रिपेयर की घर पहुंच सेवा प्रदान करेगी। इसके लिए महिला मैकेनिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, साथ ही डोरस्टैप सर्विस के प्रोटोकाल तय किए गए हैं। यह सेवा पूरे इन्दौर शहर के लिए उपलब्ध होगी। इसके अंतर्गत एक ऐसा टूलबेग तैयार किया गया है, जिसे महिला मैकेनिक अपने टू—व्हीलर पर ले जा सकती है। साथ ही जरूरी पार्टस् भी वे अपने साथ रखेगी।
समारोह में 150 से अधिक महिला मैकेनिक, ड्राईवर्स एवं महिला इलैक्ट्रीशियन उपस्थित थीं। समारोह में ब्रिजस्टोन इंडिया के श्री वैभव राउत, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के श्री आलोक पांडे एवं विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा मीडिया से जुड़े साथी शामिल थें।