सेंधवा

विश्व पर्यावरण दिवस पर मार्निंग ग्रुप का एक पौधा सेहत के नाम अभियान

सेंधवा। रमन बोरखड़े। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मार्निंग ग्रुप ने एक पौधा सेहत के नाम संकल्प के साथ निवाली रोड पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। ग्रुप के सदस्य सुनील अग्रवाल ने बताया कि सुबह 6 बजे निवाली रोड स्थित बड़े घटपटिया नाले के पास पौधारोपण किया गया। यह पौधा ग्रुप के सदस्य छोटू चौधरी की माताजी की स्मृति में लगाया गया। इसके साथ ही टी-गार्ड लगाकर पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी भी ली गई। पौधारोपण के पश्चात रोड पर फैले कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई भी की गई।

सुनील अग्रवाल ने बताया कि मार्निंग ग्रुप पूर्व में भी 7-8 पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित कर चुका है, जिनमें पीपल, नीम और बरगद शामिल हैं। पूर्व सहायक यंत्री राजेश मिश्रा ने कहा कि वृक्षारोपण स्वस्थ जीवन के लिए उतना ही जरूरी है जितना व्यायाम, योग और मॉर्निंग वॉक। जिस तरह एक पेड़ ‘मां के नाम’ लगाया जा रहा है, उसी तरह ‘सेहत के नाम’ एक पौधा लगाना भी आवश्यक है।

नव नियुक्त अध्यक्ष प्रदीप नाईक ने कहा कि मार्निंग ग्रुप केवल मॉर्निंग वॉक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समूह रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का भी कार्य करता है। ग्रुप सदस्य गिरीश दर्शे ने कहा कि शुद्ध पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। वृक्ष लगाना, डिस्पोजल और प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करना तथा अपशिष्ट प्रबंधन जैसे प्रयासों से हम पर्यावरण को बेहतर बना सकते हैं।

इस अवसर पर प्रभाकर पाटिल, पार्षद प्रकाश निकुम, मनोज सनोने, महेश खंडेलवाल, अनिल संधान, कमलेश पालीवाल, सुभाष शर्मा, रवि पाटिल एवं दिलीप चौहान उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!