सेंधवा। विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया

सेंधवा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बड़वानी एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी आनन्द कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण तहसील सेंधवा द्वारा बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं) के अंतर्गत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय सेंधवा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिसमें तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण से न्यायिक मजिस्ट्रेट सेंधवा संजोग सिंह वाघेला, न्यायिक मजिस्ट्रेट सेंधवा नगिना मरावी, अधिवक्ता प्रिंस शर्मा, पैरा लीगल वालंटियर निधि शर्मा, प्राची चौहान और मोनू, ब्रह्माकुमारी आश्रम सेंधवा से छाया दीदी, निजी संस्था से शिक्षिका मेघना श्रीवास्तव, पूर्व शिक्षिका कन्या माध्यमिक विद्यालय मनोरमा लोनारे, डॉक्टर चंचल गोयल, कन्या माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य शर्मिला वर्मा मेडम,के एल साहू सर उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट सेंधवा संजोग सिंह वाघेला द्वारा उपस्थित छात्राओं को उनके लिए बने कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए। उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में बताया। साथ ही उन्हें शिक्षा एवं बाल श्रम कानूनों की जानकारी दी। साथ ही आज के डिजिटल युग मे मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सावधानी से करना चाहिए तथा उसके होने वाले दुष परिणामो के बारे में भी बताया। न्यायिक मजिस्ट्रेट सेंधवा सुश्री नगिना मरावी ने उपस्थित छात्राओं को बालिकाओं के संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अगर कोई भी व्यक्ति उन्हें गलत ढंग से छूता है या देखता है, उनके साथ कोई गलत हरकत करता है, छेड़छाड़ करता है तो उन्हें घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उसकी हरकतों के बारे में अपनी शिक्षिकाओं और परिवारजनों को बताना चाहिए। साथ ही उस व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही करनी चाहिए। ब्रह्म कुमारी आश्रम सेंधवा की छाया दीदी ने अपने संबोधन में बालिकाओं को अपने संस्कारों से जुड़ कर अपना उज्वल भविष्य बनाने का आवाहन किया। डॉक्टर चंचल गोयल ने उपस्थित छात्राओं को महिलाओं में होने वाली कुछ बीमारियों एवं उनके बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। निजी विद्यालय की शिक्षिका मेघना श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में बालिकाओं से अच्छी शिक्षा हासिल करके अपना व अपने परिवार का भविष्य उज्जवल बनाने का आवाहन किया। पूर्व शिक्षिका मनोरमा लोनारे ने अपने संबोधन में उपस्थित बालिकाओं को अपने संबोधन में अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य अच्छा बनाने और आगे बढ़ने का आवाहन किया। कन्या विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक केएल साहू ने अपने अनुभव बता कर छात्राओं को कानूनों एव शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। अंत मे कन्या विद्यालय की प्राचार्य शर्मिला वर्मा ने सभी उपस्थित छात्राओं को आज सभी वक्ताओं द्वारा उन्हें दिए मार्गदर्शन को अपने जीवन मे उतार कर अच्छी शिक्षा ग्रहण कर अपना भविष्य उज्जवल बनाने का आवाहन किया। उक्त कार्यक्रम में कन्या माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं,समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित था। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता प्रिन्स शर्मा द्वारा किया गया। अंत मे आभार तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण की सेंधवा की पैरालीगल वालिंटियर निधि शर्मा ने माना।