अनेक संत-महंत एवं महामंडलेश्वर आएंगे – देवी अहिल्या वि.वि. कर्मचारी रामायण मंडल ने किया सुंदरकांड पाठ
जिंसी चौराहा स्थित प्राचीन मंशापूर्ण शनि मंदिर पर आज शनि जयंती पर वट पूजा एवं महाआरती

इंदौर। जिंसी चौराहा स्थित प्राचीन मंशापूर्ण शनि मंदिर पर चल रहे तीन दिवसीय शनि जयंती महोत्सव के दूसरे दिन देवी अहिल्या वि.वि. कर्मचारी रामायण मंडल के सदस्यों ने सुंदरकांड की सामूहिक प्रस्तुति के साथ शनिदेव की आराधना की। इस अवसर पर मंशापूर्ण शनि मंदिर को विशेष रूप से श्रृंगारित किया गया था। देर शाम तक सैकड़ों भक्तों ने रामायण पाठ में शामिल होकर शनिदेव से देश-प्रदेश में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की।
यंग इंडिया क्लब के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल, सतीश सेन एवं दिनेश अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का मुख्य सुबह 8 से 10 बजे तक पूजा-अर्चना, 12 से 4 बजे तक श्रृंगार एवं वट पूजा, दोपहर 4 से 6 बजे तक यज्ञ एवं हवन, सायं 6.30 बजे छप्पन भोग दर्शन एवं सायं 7.30 बजे महाआरती के बाद संतों-महंतों के प्रवचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा।
महोत्सव में हंस पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरण दास महाराज, महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज, दाड़कीवाले बाबा के नाम से प्रख्यात पीपलखूंटा आश्रम के महंत दयारामदास महाराज, महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, अखंडधाम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप, अरण्य धाम स्कीम 78 के महंत श्रीराम महाराज फलाहारी बाबा, कबीरपंथी मंदिर जिंसी हाट के महंत नानक साहेब, धरावराधाम एवं हरिधाम के महंत शुकदेवदास महाराज, वीरेश्वर हनुमान मंदिर के महंत देवकीनंदनदास, हनुमान मंदिर राजेन्द्र नगर के महंत लक्ष्मणदास एवं हंसदास मंठ के युवराज महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज सहित अनेक संत-महंत शामिल होंगे। महोत्सव में मंगलवार को भी नित्य पूजन, अभिषेक के बाद आम भक्तों को शनि पीड़ा कष्ट निवारण स्त्रोत, गणेश संकट नाशक स्त्रोत, हनुमान चालीसा, नवग्रह पीड़ा हरस्त्रोत, दुर्गा चालीसा, नीलकंठ स्त्रोत तथा राहु-केतु, कालसर्प दोष एवं पितृ दोष निवारण में उपयोगी पुस्तक का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा। रात्रि 8 बजे महाप्रसादी वितरण होगा। सोमवार को भी करीब 150 भक्तों को शनि पीड़ा निवारण पुस्तिका का निशुल्क वितरण किया गया। भक्तों का स्वागत श्याम अग्रवाल, डॉ. निर्मल महाजन, विनोद बोहरा, मोहित अग्रवाल आदि ने किया।