मप्र इलेक्शनः दमोह में प्रियंका बोलीं- देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए जरूरी है जाति जनगणना

भोपाल डेस्क। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश के दमोह में जनसभा में शामिल हुईं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए जाति जनगणना जरूरी है। हम कह रहे हैं कि जातिगत जनगणना करो। बिहार में जातिगत जनगणना कि गई है जिसके अनुसार वहां 84ः जनता एससी, एसटी और ओबीसी है। लेकिन अगर आप नौकरियों में बड़े-बड़े पदों को देखेंगे कि इन समुदायों का प्रतिनिधित्व क्या है तो आप पाएंगे कि इतना प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान बचाने और भ्रष्टाचार मिटाने के मुद्दे की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन जब तक जनता स्वयं जागरुक होकर सही दल को वोट नहीं करेगी, तब तक कुछ नहीं होगा। मध्य प्रदेश में किसानों को कोई राहत नहीं मिली। मनरेगा को कमजोर बना दिया। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।
दमोह में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकर के साथ प्रदेश की शिवराज सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बेरोजगारी है तो दूसरी तरफ महंगाई कमर तोड़ रही है। मनरेगा को कमजोर बना दिया गया है। पेट्रोल, डीजल, खाद महंगा कर किसानों की कमर तोड़ दी।
चुनाव से पहले लाड़ली बहना क्यों?
प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही लाड़ली बहना योजना क्यों लागू की ? उससे पहले क्यों नहीं ? उन्होंने कहा कि सबसे जागरूक महिला होती है। वो अपने बच्चे के लिए कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को आरक्षण दिया, इसलिए आज गांव-गांव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व है।
महिला आरक्षण को लेकर सिर्फ गुमराह कर रहे हैं
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकर पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 33 फीसदी महिला आरक्षण को लेकर सिर्फ इवेंटबाजी कर रही है। वे देश को गुमराह कर रहे हैं कि हमने महिलाओं को आरक्षण दे दिया। लेकिन, सच्चाई यह है कि महिला आरक्षण अगले 10 साल में लागू ही नहीं होगा। पुरानी संसद की जगह 27 हजार करोड़ रुपए से नई संसद क्यों बना दी गई।