दशहरा मैदान, ‘अवध लोक’ में राम दरबार की आरती करने पहुंचे एक दर्जन किन्नर बंधु
यज्ञशाला की परिक्रमा करने और रामलला मंदिर की प्रतिकृति के दर्शन करने उमड़ रहा जन सैलाब

इंदौर, . दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर सबके राम लोक कल्याण समिति के तत्वावधान में चल रहे श्रीराम जन्मोत्सव में दिनोंदिन भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। अयोध्या में बन रहे रामलला के भव्य मंदिर की प्रतिकृति और 108 कुंडीय सात मंजिला यज्ञशाला में चल रहा श्रीराम जानकी सर्व विजय महायज्ञ भक्तों के लिए श्रद्धा और आकर्षण का केन्द्र बन गया है। प्रतिदिन यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित आकर धर्म के साथ मनोरंजन का लाभ भी उठा रहे हैं। शुक्रवार को शहर के किन्नर अखाड़े के एक दर्जन से अधिक किन्नरों ने भी यहां आकर राम दरबार में आरती की और यज्ञशाला की परिक्रमा भी की।
आयोजन समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि श्रीराम जानकी सर्व विजय महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह 7 से 10 बजे तक 500 से अधिक यजमान युगल 155 विद्वान पंडितों के निर्देशन में सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की भावना से आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। वेद की ऋचाओं और विभिन्न मंत्रों, श्लोकों की मंगल ध्वनि से समूचा ‘अवध लोक’ प्रतिदिन गुंजायमान हो रहा है। रामलला के मंदिर में भी सुबह से देर रात तक दर्शनार्थी भक्तों का मेला जुट रहा है। आम नागरिक यहां सुबह 7 से रात 11 बजे तक यज्ञशाला की परिक्रमा औऱ राम दरबार के दर्शन का पुण्य लाभ उठा रहे हैं। आज रात नृत्य अकादमी की दीप्ति गंगराड़े शर्मा ने अपनी टीम के साथ राम स्तुति का प्रभावी प्रदर्शन किया, वहीं संतोष अग्निहोत्री ने श्रीराम धुन की प्रस्तुति देकर हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। ‘अवध लोक’ में प्रतिदिन शाम 6 बजे से राम गीत धुन का आनंद भी हजारों दर्शक ले रहे हैं। सायं 7 बजे होने वाली राम दरबार आरती में किन्नर अखाड़े के सोनल एवं काजल गुरू ने अपने एक दर्जन किन्नर साथियों के साथ भाग लिया और यज्ञशाला की परिक्रमा भी की। विधायक आकाश विजयवर्गीय भी राम दरबार की आरती में शामिल हुए। उनके अलावा वार्ड 72 के पार्षद योगेश गेंदर, भाजपा के प्रदेश सहप्रवक्ता दीपक जैन टीनू, वार्ड 82 के पार्षद प्रतिनिधि दारासिंह सलूजा ने भी अपने साथियों सहित आरती में भाग लिया।