कारखानों और फेक्ट्रियों में जाकर भरवा रहे लाडली बहनों के फार्म

इंदौर।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में शुरू की गई लाडली बहना योजना को हर जरूरतमंद बहना तक पहुंचाने के लिए नई पहल शुरू की गई है। विधानसभा एक के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और नगर निगम के राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान अपने क्षेत्र के कारखानों और फेक्ट्रियो में काम करने वाली बहनाओं के पास जाकर उनके फार्म भरवा रहे हैं। सोमवार को गुप्ता और चौहान नगर निगम के कर्मचारियों के साथ हुकमचंद कॉलोनी स्थित कारखाने में पहुंचे और यहां महिलाओं के फार्म भरवाना शुरू किए।
गौरतलब है कि इन दिनों प्रदेशभर में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना को लेकर तेजी से काम चल रहा है। शहर के सभी वार्डों में इन दिनों फार्म भरे जा रहे हैं। लेकिन कई कामकाजी महिलाएं जो कार्यस्थल पर काम करती है उन्हें भी इस योजना का लाभ मिले इसके लिए विधानसभा एक में नई पहल शुरू की गई है। महिलाएं जिन कार्यस्थलों पर काम करती हैं वहीं जाकर उनके फार्म भरे जा रहे हैं, इसमें कारखाना संचालक भी सहयोग कर रहे हैं। एक बडा कारण यह भी है कि रविवार को उक्त पोर्टल का संचालन बंद है, ऐसे में कई महिलाएं ऐसी है जिन्हें अवकाश वाले दिन ही समय मिलता है। सोमवार को 420 पापड फेक्ट्री पर पहुंचे पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और वार्ड 5 के पार्षद निरंजन सिंह चौहान ने महिलाओं को योजना की विस्तत जानकारी देेने के साथ ही फार्म का वितरण किया और लगने वाले दस्तावेजों का परीक्षण करवाया। गुप्ता ने बताया कि हम पार्षदों के माध्यम से आने वाले दिनों में पुरी विधानसभा में इस तरह मौके पर ही जाकर फार्म भरने का कार्य करवाएंगे। चौहान ने बताया कि हम वार्ड 5 की महिलाएं जहां काम करती है वहीं पर जाकर उनके फार्म भरने का कार्य कर रहे हैं।