बड़वाह। 120 बच्चों ने महाशीर संरक्षण एवं संवर्धन केंद्र में आयोजित कैंप में लिया भाग…प्रकृति के बारे में की जानकारी…

कपिल वर्मा बड़वाह। मध्यप्रदेश ईको पर्यटन बोर्ड के शुक्रवार को बड़वाह वनमंडल में आयोजित अनुभूति कैंप में स्कूली बच्चों ने वन और वन्यजीवों के बारे में गहराई से जाना। डीएफओ अनुराग तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में वनमंडल की सात रेंजों में अब तक कुल 1680 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
शुक्रवार को सुलगांव और रावत पलासिया के शासकीय स्कूलों के 120 बच्चों ने महाशीर संरक्षण एवं संवर्धन केंद्र में आयोजित कैंप में भाग लिया। सेवानिवृत्त रेंजर कैलाशचंद पुरोहित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कैंप में बच्चों को वन एवं वन्यजीव आवास की जानकारी दी गई। नक्षत्र वाटिका के भ्रमण के दौरान बच्चों ने कई राशियों से जुड़े वृक्षों के बारे में जाना।
कार्यक्रम में बच्चों ने जंगल की पुकार गेम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और जैव विविधता पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक कैंप में अनुभूति के प्रतीक चिह्न बनाकर फील्ड डेमो दिया गया। नगर वन मंडलेश्वर, काटकूट और बड़वाह के भ्रमण के दौरान बच्चों ने प्रकृति को करीब से जाना।
उप वन मंडलाधिकारी बड़वाह विजय गुप्ता और मंडलेश्वर के एमएस मौर्य के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कमल जोशी, आशीष सोनी, राहुल तारे और कुणाल वर्मा सहित समस्त वन विभाग के कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सक्रिय योगदान दिया।