इंदौर में भाजपा के फाग उत्सव समारोह में ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमे नेता, कार्यकर्ता

इंदौर।
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं ने फाग उत्सव मनाते हुए जमकर होली खेली। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता होली महोत्सव मनाने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। कार्यालय पर होली महोत्सव का अलग रंग देखने मिला। जहां भजन गायक द्वारका मंत्री के भजनों पर कार्यकर्ता और नेता थिरकते नजर आ रहे थे। होली के अवसर पर नगर भाजपा द्वारा जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर फागउत्सव एवं कार्यकर्ता होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

इसके साथ ही भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने बताया कि इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही ढोल नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह रंगों, सकारात्मकता, जीवंतता, खुशी और सद्भाव से जुड़ा त्योहार है। मैं सभी के जीवन में सुख, शांति, सौभाग्य एवं समृद्धि की कामना करता हूं, भाजपा कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ कमर कस के कमल खिलाने का कार्य कर सके इसी को लेकर फागउत्सव एवं कार्यकर्ता होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, आईडीए उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, नगर महामंत्री सविता अखंड, सुधीर कोल्हे, संदीप दुबे, नगर संयोजक पप्पू ठाकुर, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा, सौगात मिश्रा, नितिन द्विवेदी एवं सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं संयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

