सेंधवा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया

सेंधवा।
शहर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। शहर थाना प्रभारी राजेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मार्च को सुमोजी पिता गुलसिंह निवासी सलून (निवाली) ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कार का कांच तोड़कर उसमें रखी करीब 4 किलो 80 ग्राम चांदी के आभूषण कोई अज्ञात बदमाश चुरा कर ले गया है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया था।
एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में एक पुलिस टीम का गठन कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और साइबर तकनीक की मदद से अज्ञात आरोपी की तलाश की गई।मुखबिर से सूचना मिली कि कार का कांच तोड़कर चांदी चुराने वाले लोगों का एक अंतरराज्यीय गिरोह है।जिसके कुछ सदस्य कर्नाटक के हैं और वर्तमान में कर्नाटक के शिवमोगा जिले में है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल एक टीम को कर्नाटक के लिए रवाना किया जहां तकनीकी साक्ष्य की मदद से पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य निकेश पिता मंजूनाथ (19) निवासी सुभाष नगर आकमादेव जिला शिवमोगा कर्नाटक को पकड़ कर उससे पूछताछ की तो उसने कार का कांच फोड़कर चांदी चुराना स्वीकार किया।जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
मुख्य सरगना शंकर और संजू
गिरफ्तार आरोपी निकेश ने पूछताछ में बताया कि वो एक पूरे गिरोह के साथ काम करता है। जिसका मुख्य सरगना शंकर एवं संजू है। जिनके साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। जिसके बदले में शंकर एवं संजू द्वारा 20 हजार रु दिए थे।जिसमें से करीब 9 हजार रु उसने खर्च कर दिए।
जलगांव में भी 5 लाख का बैग चोरी किया-
उक्त गिरोह के सदस्यों के ओर से 8 फरवरी को जलगांव में कार से 5 लाख रूपये से भरा बैग भी चोरी करना बताया है। इसके पहले भी आरोपी पुणे में चोरी के मामले में गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने आरोपी निकेश को कोर्ट के समक्ष पेश किया जहां से आरोपी को सेंधवा सब जेल भेज दिया गया अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सहित पूरी टीम शामिल रही।