सेंधवा; ऑटो डील संचालक गोलीकांड मामले में हथियार सप्लार गिरफ्तार, आरोपी पर मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में 8 केस दर्ज है, ऑटो डील संचालक की हत्या की महिला ने दी थी सुपारी

सेंधवा। शहर के बहुचर्चित ऑटो डील संचालक शीतल गुजराती गोलीकांड मामले में आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में 8 केस दर्ज है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट ने स्थाई वारंट जारी किया था। वहीं एसपी पुनीत गहलोत ने 3 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपी सिकलीगर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि दिसंबर 2021 में शहर के ऑटो डील संचालक शीतल बुद्धदेव (गुजराती) पर हुए हमले में एक महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे। आरोपियों को अवैध हथियार सप्लाई करने वाला सिकलीगर लंबे समय से फरार चल रहा था।
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार सिकलीगर राजसिंह उर्फ राजेश सिंह पिता मगनसिंह चावला (34) निवासी उंडी खोदरी थाना पलसूद अपने घर आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल सिकलीगर के गांव पहुंचकर उसके घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से अवैध हथियार बनाने की सामग्री जब्त हुई है। आरोपी सिकलीगर ने पूछताछ में बताया कि करीब 3 साल पहले गजु सेनानी को उसने पिस्टल बेची थी। आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए खरगोन, दिल्ली, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई अलग-अलग शहरों में रहकर फरारी काटी है।
कई राज्यों में केस दर्ज
टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिकलीगर शातिर अपराधी है। आरोपी का आपराधिक रिकार्ड चेक करने पर राजा सिंह उर्फ राजेश के खिलाफ झांसी, मुरादाबाद, नरसिंहपुर, जयपुर, बिलपाक (रतलाम), भगवानपुरा (खरगोन) में चोरी, आर्म्स एक्ट, वाहन दुर्घटना के कुल 8 मामले दर्ज हैं। राजा सिंह शातिर चोर होने के साथ ही अवैध हथियार का निर्माणकर्ता और तस्कर भी है।
टीम में यह रहे शामिल-
आरोपी की गिरफ्तारी में टीआई बलजीत सिंह बिसेन, एसआई संतोष पाटीदार,स्वदेश कुमरावत,अंकिता भूरिया,एएसआई संजय पाटीदार, संजय शर्मा,कैलाश चौहान,सतीश पंवार,सायबर सेल से एसआई रितेश खत्री,प्रधान आरक्षक योगेश पाटील सहित पुलिस टीम शामिल रही।
यह था मामला-
दिसंबर 2021 में जलाराम मंदिर के सामने रहने वाले ऑटो डील संचालक पर आरोपी पवन डुडवे ने गोली चलाई थी। गोली संचालक के गर्दन को छूकर निकलकर हुड्डी में फंस गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस पूरे मामले एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शहर निवासी महिला रेणुका चौहान ने ऑटो डील संचालक की हत्या की सुपारी जीतू सेनानी को दी थी। जीतू ने आरोपी पवन डुडवे को पिस्टल लाकर दी थी। पवन ने ऑटोडिल संचालक पर जान से मारने की नियत से हमला किया, लेकिन वो बच गया। पूछताछ में आरोपी जीतू ने पिस्टल गजू सेनानी से लेना बताया।
आरोपी गजू को पिस्टल सिकलीगर राजासिंह ने बेची थी। इस पूरे घटनाक्रम में चार आरोपी रेणुका चौहान,पवन डुडवे, जीतू उर्फ जितेंद्र सेनानी, गजू सेनानी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके थे। आरोपी को हथियार बेचने वाले आरोपी सिकलीगर राजासिंह उर्फ राजेश सिंह फरार था। जिसे शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।