बडवानी जिले की चारों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कराएगी- आर्य

- भाजपा बड़वानी जिला संयोजक बनने के बाद पूर्व मंत्री अंतर सिंह ने किया दावा।
सेंधवा।
भाजपा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जन जन तक पहंुचाकर भाजपा चारों सीट पर जीत का परचम लहराएगी। उक्त दावा पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य ने किया। पार्टी द्वारा आर्य को भाजपा बड़वानी जिला संयोजक बनाने के बाद पूर्व मंत्री अंतर सिंह ने चर्चा करते हुए दावा किया कि सभी के समन्वय से बडवानी जिले सहित प्रदेशभर में पार्टी 170 से अधिक सीटों से जीतेगी और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनेगी।
बता दे भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए जिला संयोजकों की घोषणा की। प्रदेश के 10 संभागों में जिला संयोजकों की घोषणा की गई। कई वरिष्ठ नेताओं को जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मप्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सेंधवा विधानसभा के पूर्व विधायक अंतरसिंह आर्य को बड़वानी जिला संयोजक बनाया गया है। संगठन ने अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश संगठन का यह निर्णय आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। क्षेत्र के नेताओं का कहना है कि पूर्व मंत्री के अनुभव का भाजपा को फायदा मिलेगा। अंतरसिंह आर्य को बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए संगठन ने जिले की कमान सौंपी है। आदिवासी नेता अंतरसिंह आर्य सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के कद्दावर नेता हैं। कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। ऐसे में उनका अनुभव भाजपा नेतृत्व को काम आएगा। अब देखना होगा कि भाजपा किस प्रकार की रणनीति बनाती है, जिले की चारों सीटों से कौन-कौन उम्मीदवार होते हैं। बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव में बड़वानी जिले की चार आरक्षित सीटों पर भाजपा को एकमात्र बड़वानी पर ही जीत मिली थी। सेंधवा, पानसेमल और राजपुर में कांग्रेस के उम्मीदवार जीते थे।