सेंधवा। जैन शोश्यल ग्रुप द्वारा उपजेल में श्री महावीर वाचनालय का शुभारंभ

सेंधवा। जैन शोश्यल ग्रुप द्वारा महावीर जन्मकल्याणक एवं हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर स्थित उपजेल में श्री महावीर वाचनालय का शुभारंभ जेलर महेंद्र सिंह रघुवंशी एवं जैन शोश्यल ग्रुप के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जेलर महेंद्र सिंह रघुवंशी ने जैन शोश्यल ग्रुप की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रयास से अनेक कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। शोश्यल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. एमके जैन ने कैदियों को संबोधित करते हुए अपने उदबोधन में कहा कि आज शुरुआत में ग्रुप द्वारा एक अलमिरा एवं सकारात्मक विचारों और सकारात्मक जीवन परिवर्तन से संबंधित लगभग 150 साहित्य एवं पुस्तकें प्रदान कर वाचनालय प्रारंभ किया है। समय समय और प्रेरणास्पद साहित्य ग्रुप द्वारा कैदियों के पढ़ने के लिए उपलब्ध करवाया जायेगा।
जैन शोश्यल ग्रुप के संरक्षक बीएल जैन ने कहा कि सामान्य तौर पर कोई व्यक्ति अपराध करके जेल जाना या सजा काटना नहीं चाहता है, लेकिन आवेश या जाने अनजाने में व्यक्ति के हाथ से ऐसी घटनाएं घट जाती है, जिससे जेल में रहने के हालात बनते हैं। अब समय है कि हम अपने आप को सुधारे एवं यहां से निकलने के बाद ऐसी कोई गलती ना करें जिससे दोबारा जेल आना पडे। जैन ने कहा कि अपने विचारों को शुद्ध बनाए। इसके लिए जैन शोश्यल ग्रुप द्वारा यह वाचनालय प्रारंभ किया गया है। सभी को समय निकालकर प्रतिदिन इन पुस्तकों को पढ़ना है एवं आत्मचिंतन करते हुए अपने जीवन को परिवर्तित करना है। इस अवसर स्थानकवासी समाज के अध्यक्ष अशोक सखलेचा एवं डॉ अश्विन जैन ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमचंद सुराणा ने करते हुए बताया कि पूर्व में भी जैन शोश्यल ग्रुप के माध्यम से 2 सिलाई मशीन जेल में कैदियों को प्रशिक्षण हेतु प्रदान की गई थी। इस अवसर पर राजेन्द्र कांकरिया, परेश सेठिया, पवन शाह, सौरभ जैन, भूषण जैन सहित जेल कर्मी उपस्थित थे।