खरगोन: पेशवा घाट पर अवैध मछली शिकार, एसडीएम के नेतृत्व में छापा, दो टन जब्त
खरगोन कलेक्टर के प्रतिबंध आदेश के बावजूद नर्मदा में जिंदा मछलियों को छुपाकर रखा गया था, तीन जगहों से दो टन मछलियां जब्त

खरगोन। सत्याग्रह लाइव। जिले में मत्स्य आखेट पर रोक के बावजूद नर्मदा नदी में अवैध मछली शिकार का मामला सामने आया है। महेश्वर क्षेत्र में तीन स्थानों से 2 टन मछली जब्त कर मत्स्य विभाग ने नीलामी की, जिससे 1.34 लाख रुपए का राजस्व मिला।
खरगोन जिले की नर्मदा पट्टी में मत्स्य विभाग ने अवैध मछली आखेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 टन मछली जब्त की है। यह कार्रवाई महेश्वर के पेशवा घाट और गांधीनगर क्षेत्र में की गई, जहां नर्मदा नदी में जिंदा मछलियों को छुपा कर रखा गया था।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि कतला प्रजाति की मछलियों को मजबूत जालों में बंद कर नर्मदा नदी में ही छिपाया गया था। संभावना जताई जा रही है कि इन मछलियों को बाजार में मांग के अनुसार आपूर्ति करने के लिए जीवित रखा गया था।
एसडीएम के नेतृत्व में छापा, पुलिस टीम भी रही साथ
इस छापेमारी का नेतृत्व मंडलेश्वर एसडीएम अनिल जैन ने किया। उनके साथ मत्स्य निरीक्षक गोपाल पाटीदार, नयन माहिले, जतनसिंह रावत और पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही। संयुक्त कार्रवाई में तीन अलग-अलग स्थानों से मछलियां बरामद की गईं।
मत्स्य विभाग ने की तत्काल नीलामी
मत्स्य सहायक संचालक रमेश मौर्य ने जानकारी दी कि बरामद मछलियों की मौके पर ही नीलामी की गई, जिससे विभाग को कुल 1,34,200 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। यह राशि विभागीय खाते में जमा की गई है।
खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल ने जिले की सभी नदियों और जलाशयों में 15 अगस्त 2025 तक मत्स्य आखेट, क्रय-विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश वर्षाकाल के दौरान मछलियों के प्रजनन को सुरक्षित रखने हेतु मध्यप्रदेश नवीन मत्स्योद्योग नियम 1972 के अंतर्गत लागू किया गया है।