
*डॉ. अम्बेडकर नगर – ओंकारेश्वर रोड आमान परिवर्तन कार्य को मिली गति*
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त
रतलाम/ इंदौर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत डॉ. अम्बेडकर नगर – ओंकारेश्वर रोड आमान परिवर्तन (गेज कन्वर्जन) कार्य में अब तेजी आएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
परियोजना के तहत डॉ. अम्बेडकर नगर से मुक्तियारा बलवाड़ा (दोनों यार्ड क्षेत्रों को छोड़कर) के मध्य लगभग 454 हेक्टेयर वन भूमि पर निर्माण कार्य किया जाना है। इस संबंध में वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रचलित थी। रेलवे द्वारा वन विभाग की सभी शर्तों का पालन पूर्ण करने के उपरांत अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (भू-प्रबंधन) द्वारा मंत्रालय को सैद्धांतिक स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया था।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार मंत्रालय से सैद्धांतिक अनुमति प्राप्त होने के पश्चात रेलवे द्वारा संबंधित क्षेत्र में कार्य आरंभ करने हेतु वन विभाग से अंतिम अनुमति का अनुरोध किया गया है। वन विभाग से स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लगभग 454 हेक्टेयर वन भूमि के अधिग्रहण के लिए रेलवे निर्माण विभाग द्वारा पूर्व में ही 100.08 करोड़ रुपये की राशि वन विभाग को जमा कराई जा चुकी है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल संपर्क सुदृढ़ होगा तथा यात्री एवं माल परिवहन को नई गति मिलेगी।



