सेंधवा में अग्रवाल समाज की महिलाओं ने श्रद्धा और उल्लास से मनाया करवा चौथ महापर्व
सुहागिनों ने किया चंद्रमा को अर्घ्य, अग्रवाल समाज महिला मंडल ने कराया बहुओं का उद्यापन

सेंधवा। अग्रवाल समाज की सुहागन महिलाओं ने करवा चौथ का उद्यापन कर महापर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाया। सुबह सूर्योदय से प्रारंभ हुआ यह निर्जला व्रत शाम को चंद्र दर्शन के साथ संपन्न हुआ। जैसे ही आसमान में चंद्रमा दिखाई दिया, महिलाओं ने मंदिरों और घरों में पूजन-अर्चन कर पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद सुहागिनों ने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत पूर्ण किया।
अग्रवाल समाज महिला मंडल और बहु-बेटी समूह द्वारा आयोजित इस आयोजन में समाज की परामर्शदाता किरण तायल, निर्मला मंगल और सुशीला अग्रवाल ने बताया कि समाज की 14 बहुओं का उद्यापन सशुल्क रूप से कराया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने फूलों की रंगोली बनाई और विभिन्न मनोरंजक खेल खेले। खेलों में दो बहुओं को समान अंक मिलने पर दोनों को प्रथम पुरस्कार तथा एक बहु को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
समाज अध्यक्ष ज्योत्सना अग्रवाल ने कहा कि करवा चौथ हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे विवाहित महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना के लिए मनाती हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा अनादिकाल से चली आ रही है और आज भी भारतीय महिलाएं इसे श्रद्धा से निभा रही हैं, जो सनातन संस्कृति की पहचान है। इस अवसर पर सचिव रानी मंगल, ऊषा तायल सहित समाज की समस्त कार्यकारिणी सदस्य और बहु-बेटी प्रभारी उपस्थित रहीं।