इंदौरखेल जगत

दुनिया के 8 प्रमुख देशों की महिला पहलवानों के बीच होगी कुश्ती

कुश्ती भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मैक्सिको, मंगोलिया, द. अफ्रीका एवं नेपाल की पहलवान भी आएंगी

 

शहर में पहली बार दुनिया के 8 प्रमुख देशों
की महिला पहलवानों के बीच होगी कुश्ती
भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मैक्सिको, मंगोलिया, द. अफ्रीका एवं नेपाल की पहलवान भी आएंगी

इंदौर, ।  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में पहली बार शनिवार, 8 मार्च को दोपहर 4 बजे से एयरपोर्ट रोड, किला मैदान चौराहा स्थित दलाल बाग परिसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती का विराट आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारत सहित 8 प्रमुख देशों की ऐसी महिला पहलवान शामिल होंगी, जिन्होंने अपने-अपने देश के नाम पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पदक हांसिल किए हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित इस आयोजन को अहिल्याबाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती का नाम दिया गया है और  ‘देव से महादेव’ वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में कुश्ती प्रेमियों के लिए यह आयोजन पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पहली बार आयोजित किए जा रहे इस महिला कुश्ती के दिलचस्प मुकाबलों में अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मैक्सिको, मंगोलिया, दक्षिण अफ्रीका, नेपाल एवं भारत सहित 8 देशों की महिला पहलवान आमंत्रित की गई हैं। महिला पहलवानों के अलावा इस आयोजन में देश की उन महिला पहलवानों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जिन्होंने ओलंपिक एवं अन्य स्पर्धाओं में देश का नाम रोशन किया है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित एवं भारतीय महिला रेलवे कुश्ती टीम के कोच कृपाशंकर पटेल पहलवान, भाजपा खेल प्रकोष्ठ के नगर संयोजक मानसिंह यादव, भाजपा आईटी सेल के सह संयोजक श्रेय प्रजापति, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री संतोष यादव एवं समाजसेवी पवन तिलवे ने बताया कि इन सभी देशों की पहलवानों से संपर्क कर उनकी सहमति प्राप्त हो चुकी है। आयोजन की दिव्यता को देखते हुए संचालन समिति का गठन भी किया गया है, जिसमें सर्वश्री संजय बांकड़ा, कुलभूषण मित्तल कुक्की, अशोक चौहान चांदू, सन्नी तिवारी एवं प्रेम विजयवर्गीय शामिल किए गए हैं। इस अवसर पर वर्ष 2016 रियो ओलंपिक में भारत के लिए पदक विजेता श्रीमती साक्षी मलिक, अमरावती की पूर्व सांसद श्रीमती नवनीत राणा एवं अन्य खेल प्रेमी हस्तियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।   दलाल बाग मैदान पर होने वाले इस दंगल की विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मैदान पर इस कुश्ती के लिए विशेष प्रबंध भी किए जाएंगे।
विदेशों से आने वाली महिला पहलवानों के स्वागत-सत्कार, उनके आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के प्रसंग पर महिलाओं की शारीरिक एवं बौद्धिक क्षमता के विकास के उद्देश्य से यह अंतर्राष्ट्रीय आयोजन इंदौर में होगा। संभवतः देश में भी अब तक इतने देशों की महिला पहलवानों की कुश्ती का आयोजन पहले नहीं हुआ है। इस भव्य आयोजन के प्रति शहर के कुश्ती एवं खेल प्रेमी संगठनों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!