धर्म-ज्योतिष

श्री श्रीविद्याधाम आज एवं कल सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में समर्पित होंगी विशेष आहुतियां  

महाअष्टमी-राम नवमी को होगा सौभाग्यवती एवं कन्या पूजन – हनुमान जयंती की तैयारियां भी

श्री श्रीविद्याधाम आज एवं कल सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में समर्पित होंगी विशेष आहुतियां  

महाअष्टमी-राम नवमी को होगा सौभाग्यवती एवं कन्या पूजन – हनुमान जयंती की तैयारियां भी

इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चैत्र नवरात्रि महोत्सव में महाअष्टमी पर 5 अप्रैल को आश्रम की यज्ञशाला में चल रहे सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में ललिता सहस्त्रार्चन से विशेष आहुतियां समर्पित की जाएंगी। सौभाग्यवती एवं कन्या पूजन भी होगा। यहां 21 विद्वानों के मार्गदर्शन में 21 यजमान युगलों द्वारा विश्व शांति एवं जन कल्याण की कामना से मां को प्रिय व्यंजनों की आहुतियां समर्पित की जाएंगी। महानवमीं को भी विशेष आहुतियां समर्पित होंगी।

आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, यदुनंदन माहेश्वरी एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि शुक्रवार को महायज्ञ में ललिता सहस्त्र नामावली द्वारा स्वाहाकार की मंगल ध्वनि के बीच मालपुए, खीरान, गन्ना, त्रिमधु, पान, शहद, कमलगट्टा एवं मां को प्रिय व्यंजनों से यज्ञशाला में आहुतियां समर्पित की जाएंगी। यजमान समूह में शामिल 21 यजमान युगल यहां प्रतिदिन महायज्ञ में आहुतियां समर्पित कर रहे हैं। अब महाअष्टमी एवं राम नवमी पर भी विशेष आहुतियां समर्पित होंगी।

महायज्ञ की पूर्णाहुति राम नवमी 6 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से श्रीराम यज्ञ के शुभारंभ के साथ होगी। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबिक सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति अपरान्ह 3 बजे होगी। इसके पूर्व महाअष्टमी पर शुक्रवार, 5 अप्रैल को महायज्ञ में दुर्गा सप्तशती पाठ द्वारा आहुतियां समर्पित की जाएंगी तथा सौभाग्यवती एवं कन्यापूजन के अनुष्ठान भी होंगे। आश्रम पर चल रहे चैत्र नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन भगवती का नित्य नूतन श्रृंगार भी किया जा रहा है। आज भी भगवती के श्रृंगार दर्शन हेतु भक्तों का मेला जुटा रहा। आश्रम पर प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से वैदिक संध्या वंदन, 7 बजे से वेदपाठ, राजोपचार, अभिषेक एवं आरती, 9 बजे श्रृंगार आरती, सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ, 9.30 बजे रामचरित मानस नवान्ह पारायण, दोपहर 2 बजे सामूहिक दुर्गा सप्तशती पाठ, सायं 6 बजे से ललिता सहस्त्र नामावली से लक्ष्यार्चन आराधना एवं सायं 7.30 बजे 108 दीपों से महाआरती की जा रही है। आश्रम पर शनिवार, 12 अप्रैल को हनुमान जयंती महोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो गई है। हनुमान जयंती पर सुबह 6 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, चोला श्रृंगार एवं जन्मोत्सव के बाद सांय 7.30 बजे महाआरती तथा प्रसाद वितरण के आयोजन होंगे। संध्या को सुंदर कांड का पाठ रात 8 बजे से होगा।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button