
*लाडली बहना योजना का विरोध करते करते कांग्रेस महिला विरोधी बन गई है – सुमित मिश्रा
नगर कार्यकारिणी में महिलाओं को स्थान न देकर कॉंग्रेस ने अपनी मानसिकता को उजागर किया
इंदौर । शक्ति का पर्व नवरात्र चल रहा है, पूरा देश शक्ति की आराधना कर रहा हैं और जिस शहर की पहचान लोकमाता देवी अहिल्या के नाम पर है, उसी इंदौर में शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी में किसी महिला को स्थान ना देकर कांग्रेस ने ये साबित कर दिया है कि वो महिला विरोधी पार्टी बन गई है।
प्रदेश की माताओं को शराबी कहकर अपमानित करने वाली कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष को यदि माताओं बहनों से इतनी ही नफ़रत है तो उन्हें अपनी पार्टी की महिला इकाई भी भंग कर देना चाहिए। ये बात भाजपा के शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने आज जारी एक बयान में कही।
मिश्रा ने कहा कि मातृशक्ति को अपमानित करना कांग्रेस की फितरत बन गई है। कभी इनके नेता महिलाओं को टंच माल कहकर मातृशक्ति का अपमान करते है तो कभी शराबी कहकर। जब मोदीजी की सरकार ने महिला आरक्षण बिल पास किया तब भी कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर इसमें रोड़े अटकाए थे और जब भाजपा सरकार ने लाडली बहना योजना लागू की तब भी कांग्रेस इसके विरोध में खड़ी हो गई थी। आज इंदौर की कार्यकारिणी में किसी भी महिला को स्थान ना देकर कांग्रेस ने साबित कर दिया कि वो मातृशक्ति को हाशिए पर ही रखना चाहती है।
मिश्रा ने कहा कि इंदौर की माताएं बहने इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगी और कांग्रेस को शहर से विसर्जित कर इसका सबक सिखाएगी।



