.
इंदौर

इंदौर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत टर्मिनल-1 का लोकार्पण

नागरिक उड्डयन मंत्री ने सांसद शंकर लालवानी की तारीफ़ की

.

इंदौर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत टर्मिनल-1 का लोकार्पण, नागरिक उड्डयन मंत्री ने सांसद शंकर लालवानी की तारीफ़ की

SAVE 20260329 180939

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत पुराने टर्मिनल भवन (T-1) का लोकार्पण रविवार को किया गया। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टर्मिनल का उदघाटन किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। टर्मिनल के शुरू होने से एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर लगभग 50 लाख यात्रियों प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को तेजी से मजबूत किया जा रहा है और प्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट, 75 किलोमीटर पर एक एयरस्ट्रिप और 45 किलोमीटर पर एक हेलीपैड विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है।

इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू ने सांसद श्री शंकर लालवानी की सराहना करते हुए कहा कि –

> “सांसद शंकर लालवानी इंदौर एयरपोर्ट के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उनके प्रयासों से ही यह प्रोजेक्ट तेजी से पूरा हो पाया है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।”

करीब ₹50 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित इस टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। टर्मिनल में लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 14 चेक-इन काउंटर, आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र में आरक्षित लाउंज तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष चेक-इन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही बड़ी पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए टर्मिनल में 3 एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं, जिससे चेकिंग प्रक्रिया तेज होगी। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री का समय रहते पता लगाया जा सकेगा।

वर्तमान में ATR विमान सेवाओं को इस टर्मिनल से संचालित किया जाएगा, जिससे प्रतिदिन लगभग 2,700 से अधिक यात्रियों का आवागमन यहां से होगा। इससे न्यू टर्मिनल बिल्डिंग पर पीक समय में पड़ने वाला दबाव कम होगा और यात्रियों को अधिक सहज अनुभव मिलेगा।

सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि

> “इंदौर मध्य भारत का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ शहर है और एयरपोर्ट के विकास के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं।”

नवीनीकृत टर्मिनल के री-कॉन्फ़िगरेशन के जरिए यात्री प्रवाह को बेहतर बनाया गया है, जिससे चेक-इन से लेकर बोर्डिंग तक की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।

साथ ही यात्रियों के लिए वर्तमान टर्मिनल पर कई नई सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। इनमें UDAN यात्री कैफे के तहत किफायती दरों पर भोजन, फ्री वाई-फाई, ‘अवसर’ स्टॉल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित उत्पाद तथा फर्स्ट फ्लोर पर Flybrary शामिल है, जहां यात्री किताबें पढ़ सकते हैं और कोई भी व्यक्ति पुस्तक दान कर सकता है।

नवीनीकृत टर्मिनल इंदौर एयरपोर्ट के बढ़ते यात्री दबाव को कम करने और यात्रियों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक अनुभव देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर इंदौर एयरपोर्ट के निदेशक सुनील मग्गीवार, वरिष्ठ अधिकारीगण, सलाहकार समिति के सदस्य बंटी गोयल, सावन लड्ढा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!