
विधायक गोलू शुक्ला ने अपने जन्मदिन पर दृष्टिहीन बच्चों को फल एवं मिठाई के साथ दिया 5 लाख रु. की मदद का तोहफा
संस्था शिवादीप की मेजबानी में सादगी से मनाया जन्मदिन, भवन एवं परिसर में उद्यान के लिए दी मदद
इंदौर । सनातनी विधायक गोलू शुक्ला का जन्मोत्सव संस्था शिवादीप की मेजबानी में नवलखा स्थित मप्र दृष्टिहीन कल्याण संघ प्रकाश नगर पर दृष्टिहीन बच्चों के बीच मिठाई एवं उपहार वितरण के साथ मनाया गया। इस मौके पर विधायक शुक्ला ने दृष्टिहीन कल्याण संघ के भवन के परिसर में उद्यान, फेंसिंग एवं अन्य जरूरतों के लिए 5 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने एमआईसी सदस्य मनीष मामा को भी निर्देश दिए कि संस्था की समस्याओं को हल कराने की पहल करें।
संस्था के प्रमुख संदीप गोयल ने बताया कि इस मौके पर दीपेन्द्र सिंह सोलंकी, राहुल गोयल बंटी, एमआईसी सदस्य मनीष मामा, अरुण बागड़ी, कमल बोडाना, दीप खत्री, जानी सिरसिया, राजानी ताई एवं नितेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में विधायक शुक्ला के स्नेहीजनों ने दृष्टिहीन बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें फल, बिस्किट, चिप्स एवं अन्य उपहार भेंट किए। जब इन बच्चों को बताया गया कि क्षेत्र के विधायक गोलू शुक्ला का जन्मदिन मनाया जा रहा है तो बच्चों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक के स्वस्थ एवं शतायु होने की प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला ने सादगी और सरलता के साथ अपने जन्मोत्सव पर मिठाई, पुष्पमाला एवं अन्य किसी तरह की स्वागत सत्कार की रस्म से दूर रहते हुए सभी दृष्टिहीन बच्चों के साथ आत्मीयता से मुलाकात कर उनके कुशलक्षेम पूछे और विधायक निधि से 5 लाख रुपए की राशि भवन परिसर में उद्यान को विकसित करने तथा बच्चों के कमरों में हीटर आदि अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जब भी उन्हें किसी तरह की जरूरत पड़ेगी, वे हमेशा उनकी सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं से पुनः आग्रह किया कि वे जन्मोत्सव पर खर्च की जाने वाली धनराशि को जरुरतमंदों की मदद, निर्धन कन्याओं के विवाह एवं दिव्यांगों को ट्रायसिकल अथवा अन्य जरूरतों के लिए दान करें ताकि ऐसे मायूस चेहरों पर खुशियाँ लाने का सार्थक प्रयास किया जा सके।



