
भोले बाबा और गौरा माई के जयघोष से गूंजता रहा
मनकामेश्वर कांटाफोड़ मंदिर-आज लगेगी मेहंदी
इस बार माँ वैष्णो देवी की गुफा से होकर गुजरेंगे हजारों श्रद्धालु और करेंगे दर्शन भोले बाबा के
इंदौर। नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर गुरुवार को पांच दिवसीय शिव विवाह एवं शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ दूल्हे बने भोले बाबा और दुल्हन बनी गौरा माई को सैकड़ों भक्तों द्वारा हल्दी लगाने के साथ हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर ओम नमः शिवाय महामंत्र एवं शिव–पार्वती के जयघोष से गुंजायमान बना रहा। सैकड़ों भक्तों ने सुबह 10 बजे से कतारबद्ध होकर अपने आराध्य को हल्दी लगाकर श्रृंगारित किया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि मंदिर पर सुबह से ही भगवान को दूल्हे के रूप में हल्दी लगाने के लिए भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। मंदिर के भक्त मंडल की ओर से एक विशाल पात्र में पहले से ही हल्दी घोलकर रख ली गई थी। अनेक श्रद्धालु अपने-अपने घरों से भी सुगंधित हल्दी लेकर आए और कतारबद्ध होकर भगवान के साथ उनके त्रिशूल, डमरू और जलाधारी को भी हल्दी लगाने की स्पर्धा में शामिल होते गए।
मंदिर पर भगवान को शुक्रवार, 13 फरवरी को सुबह 10 बजे मेहंदी लगाई जाएगी। भक्तों के लिए मेहंदी की व्यवस्था मंदिर पर ही उपलब्ध रहेगी। शनिवार, 14 फरवरी को उबटन-लेपन की रस्म सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। रविवार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर दोपहर 1 बजे से भगवान को केसर जल से स्नान कराया जाएगा और सांय 6 बजे से प्रख्यात कलाकारों द्वारा निर्मित की जा रही माँ वैष्णोदेवी की गुफा और रजत मंडित गर्भगृह में विराजित सुश्रृंगारित भगवान शिव-पार्वती की मनोहारी झांकी के दर्शन हो सकेंगे। सोमवार, 16 फरवरी को महाकाल की तर्ज पर सुबह 5 बजे भस्मारती होगी। इसके पूर्व रात्रि 1. 30 बजे से बाबा भोलेनाथ का रूद्राभिषेक भी होगा।
करीब 10 कलाकार यहां माँ वैष्णोदेवी की गुफा का निर्माण कर रहे हैं, जिसमें लकड़ी, थर्माकोल, प्लाय, स्ट्राबोर्ड, परदे, फूल, नक्काशी, पहाड़ी-चट्टानों की प्रतिकृति, वालपेपर सहित घास, फूल, पत्तियों कांच, कपड़े एवं अन्य वस्तुओं का उपयोग किया जा रहा है। इस झांकी का निर्माण गत 6 फरवरी से 10 कलाकार दिन-रात मेहनत के साथ कर रहे हैं। झांकी के दर्शन 15 फरवरी को सांय 6.30 बजे से प्रारंभ होंगे। इसके पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ सहित अनेक विशिष्टजन आरती में भी शामिल होंगे।



