खबर का असर पुलिस की कार्यवाही: तीन साल से अधिक समय से फरार था जमीनी जादूगर सुधीर जैन लम्बे समय बाद आया पुलिस की गिरफ्त में।
गुजरात व बैंगलोर में काटी फरारी करोड़ों रुपए कीमत की जमीन की थी हेराफेरी।

शहर की आदर्श सडक पर बने मसीह अस्पताल की करोड़ों रुपए कीमत की भूमि की हेराफेरी करने वाले फरार आरोपी सुधीर पिता शांतिलाल जैन उम्र 47 साल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जैन पिछले साढे तीन साल से फरार चल रहा था, साइबर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि आरोपी सुधीर जैन इंदौर स्थित तुलसी नगर कॉलोनी में एक घर में छुपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी की व आरोपी सुधीर को धरदबोचा व तुरंत धार लेकर आए। अब आगामी पूछताछ नौगांव पुलिस टीम द्वारा की जा रही हैं, बताया जा रहा हैं कि आरोपी सुधीर को पुलिस शनिवार दोपहर के समय कोर्ट के समक्ष पेश करके रिमांड मांगेगी। ताकि आगामी पूछताछ की जा सके।

दरअसल, आदर्श सड़क स्थित किले के समीप बने मिशन अस्पताल को आरोपी सुधीर दास ने 11 लाख रुपए में सौदा करके अंकित वडेरा को बेचा था, जबकि उक्त भूमि सन 1928 से ही शासकीय घोषित है। थाना नौगांव ने वर्ष 2022 में प्रकरण दर्ज किया था। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि सर्वे नंबर 770, रकबा 0.493 हेक्टेयर शासकीय भूमि, जिसे ऐतिहासिक रूप से मिशनरी को महिला अस्पताल संचालन हेतु प्रदान किया गया था, उसके संबंध में कूटरचित अभिलेख तैयार कर अवैध रूप से नामांतरण, लीज तथा विक्रय की कार्यवाही की गई।प्रकरण में शासकीय अभिलेखों में अनियमित प्रविष्टि, अवैध लीज तथा पंजीयन के माध्यम से भूमि हस्तांतरण की साजिश रची गई। आरोपी सुधीर जैन की भूमिका सहआरोपियों के साथ मिलकर भूमि लेन-देन एवं षड्यंत्र में प्रमुख रूप से पाई गई।
इंदौर से पकड़ा जमीन का जादूगर:
प्रतिमाह होने वाली मासिक समीक्षा बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व्दारा जिलें के विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित फरार आरोपियो की धड़पकड़ हेतु उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। इसी कडी में सीएसपी सुजावल जग्गा के निर्देशन में तलाश साइबर क्राइम ब्रांच द्वारा शुरु की गई। उनि प्रशांत गुंजाल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना नौगांव के अपराध में फरार उद्घोषित आरोपी सुधीर पिता शांतीलाल जैन निवासी धार का इंदौर में रुका हुआ हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। सायबर प्रभारी के नेतृत्व में टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुँच कर घेराबंदी की जहां पर एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से दस्तावेज, आर्थिक लेन-देन एवं अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी संकलित की जा रही है।
गुजरात व बैंगलोर तक गया आरोपी:
आरोपी सुधीर जैन पर कुल दो प्रकरण दर्ज हुए थे, जिसमें से कोतवाली थाने पर दर्ज प्रकरण को बाद में निरस्त किया गया था। ऐसे में नौगांव थाने पर दर्ज प्रकरण में ही आरोपी सुधीर फरार था। वर्ष 2022 के बाद से ही तलाश जारी थी, फरारी के दौरान 10 हजार रुपए का इनाम भी पुलिस ने घोषित किया था। आरोपी प्रकरण दर्ज होने के बाद गुजरात भाग गया था, जहां से कुछ महीनों तक बैंगलोर में भी अलग-अलग स्थानों पर रहा। बताया जा रहा हैं, कि आरोपी सुधीर घर से बाहर सामान लेने के लिए निकला था, पुलिस जवान सिविल ड्रेस में पहले से ही मुस्तैद थे। जैसे ही आरोपी बाहर आया पुलिस ने तुरंत कार्यवाही कर पकड़ लिया था।

इनका कहना हैं, कि
विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चले उदघोषियों की धरपकड़ को लेकर अभियान चलाया जा रहा हैं, इसी कड़ी में नौगांव थाने पर दर्ज अपराध में सुधीर को इंदौर से अभिरक्षा में लिया गया है। जल्द ही कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा, आगामी पूछताछ की जा रही है।
मयंक अवस्थी, उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक



