मध्यप्रदेश पेडिकॉन में IAP विदिशा शाखा सर्वश्रेष्ठ घोषित, छह प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजी
इंडियन अकैडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP)

मध्यप्रदेश पेडिकॉन में IAP विदिशा शाखा सर्वश्रेष्ठ घोषित, छह प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजी गई
इंदौर | भोपाल के सयाजी होटल में आयोजित इंडियन अकैडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) मध्यप्रदेश के 56वें वार्षिक अधिवेशन पेडिकॉन में IAP विदिशा शाखा को प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ शाखा घोषित किया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. एम. के. जैन एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीति अग्रवाल को छह प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया।
IAP विदिशा शाखा को शिशु एवं बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए प्रथम पुरस्कार, एंटीबायोटिक जागरूकता सप्ताह के लिए प्रथम पुरस्कार, स्तनपान संवर्धन अभियान के लिए द्वितीय पुरस्कार, जीवन रक्षक घोल जागरूकता तथा किशोर स्वास्थ्य देखभाल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों के लिए द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
विदिशा, रायसेन, बासोदा, बीना एवं सिरोंज क्षेत्र में शिशु मृत्यु दर कम करने, कुपोषण रोकथाम, स्तनपान संवर्धन, एनीमिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल, हीमोफीलिया एवं एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियानों के आधार पर प्रदेश स्तरीय मूल्यांकन में यह उपलब्धि प्राप्त हुई।
इस सफलता का श्रेय डॉ. इमरान एच. बोहरा, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. आर. जी. मलानी एवं डॉ. नीति अग्रवाल के मार्गदर्शन में IAP विदिशा टीम को दिया गया। इस उपलब्धि पर IAP के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने विदिशा शाखा को बधाई दी।



