.
इंदौर

सैकड़ों रहवासियों ने विधायक मधु वर्मा को सौंपा ज्ञापन

वार्ड 79, कैट चौराहा स्थित आनंद फार्म व स्नेह फार्म में सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और नियमितीकरण की उठी मांग

.

सैकड़ों रहवासियों ने विधायक मधु वर्मा को सौंपा ज्ञापन

वार्ड 79, कैट चौराहा स्थित आनंद फार्म व स्नेह फार्म में सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और नियमितीकरण की उठी मांग

इंदौर।राऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड 79, कैट चौराहा स्थित आनंद फार्म व स्नेह फार्म के रहवासियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए विधायक मधु वर्मा को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कॉलोनी के सैकड़ों रहवासी उपस्थित रहे और क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की।

इस संबंध में जानकारी वार्ड अध्यक्ष मनोहर व्यास द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि दिनांक 15 मार्च 2026 को आनंद फार्म रहवासी संघ द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह के अवसर पर रहवासियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान रहवासियों ने विधायक द्वारा आनंद फार्म क्षेत्र में सड़क एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे कॉलोनीवासियों को काफी राहत मिली है।

रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी की कई गलियों में अभी भी पक्की सड़कों का अभाव है, जिसके कारण लोगों को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आनंद फार्म हाउस एवं उससे जुड़ी सभी सड़कों का भी शीघ्र सीमेंट-कंक्रीट सड़क के रूप में निर्माण करवाने की मांग की।

साथ ही कई क्षेत्रों में अभी भी ड्रेनेज लाइन नहीं होने के कारण स्वच्छता की समस्या बनी रहती है। रहवासियों ने मांग की कि कॉलोनी की शेष गलियों में भी जल्द ड्रेनेज लाइन डलवाई जाए, जिससे सेप्टिक टैंकों के कारण होने वाले भूजल प्रदूषण से भी बचाव हो सके।

रहवासियों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नहीं होने से शाम के समय अंधेरा बना रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है तथा सांप व अन्य जीव-जंतुओं का भय बना रहता है। अतः कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट लगाने, बिजली के खंभे बढ़ाने एवं आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग भी की गई।

इसके अलावा कई घरों में बिजली के खंभे लगभग 100 फीट दूरी पर होने के कारण स्थायी विद्युत कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है, जिसे शीघ्र स्थायी करवाने का भी अनुरोध किया गया।

रहवासियों ने आनंद फार्म व स्नेह फार्म को शासन स्तर पर नियमित (रेग्युलराइज) करवाने की मांग भी उठाई, ताकि क्षेत्र के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित रूप से प्राप्त हो सकें।

इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी वर्मा, महेश चौधरी एवं दिनेश वर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आनंद फार्म रहवासी संघ के पदाधिकारी सहित कॉलोनी के सैकड़ों रहवासी मौजूद रहे।

विधायक मधु वर्मा ने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!