.
इंदौर

छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का एक दल आज मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान पूर्वाहन में इंदौर स्थित भारतीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (ICAR-NSRI) पहुँचा

ICAR-NSRI

.

*छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का एक दल आज मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान पूर्वाहन में इंदौर स्थित भारतीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (ICAR-NSRI) पहुँचा

*इंदौर* –  रायपुर द्वारा आयोजित मीडिया भ्रमण कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का एक दल आज मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान पूर्वाहन में इंदौर स्थित भारतीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (ICAR-NSRI) पहुँचा। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य कृषि तकनीक, उन्नत बीज अनुसंधान और सोयाबीन उत्पादन के क्षेत्र में हो रहे आधुनिक नवाचारों से पत्रकारों को अवगत कराना था।

*संस्थान का परिचय एवं तकनीकी जानकारी*
भ्रमण की शुरुआत में संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री बी.यू. दुपारे ने मीडिया दल का स्वागत किया। उन्होंने एक विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से संस्थान के गौरवशाली इतिहास और देश की अर्थव्यवस्था में सोयाबीन के महत्व पर प्रकाश डाला।  दुपारे ने बताया कि कैसे यह संस्थान किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ नई किस्मों पर निरंतर शोध कर रहा है।

*निदेशक ने साझा किए अनुसंधान के अनुभव*
संस्थान के निदेशक डॉ. कुंवर हरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से सीधी चर्चा की। उन्होंने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न शोध गतिविधियों, जलवायु अनुकूल सोयाबीन की किस्मों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सिंह ने रेखांकित किया कि अनुसंधान का मुख्य केंद्र बिंदु न केवल उत्पादन बढ़ाना है, बल्कि सोयाबीन की गुणवत्ता और कीट प्रतिरोधक क्षमता में सुधार करना भी है । श्री सिंह ने कहा, “हमारा संस्थान न केवल उच्च उपज वाली सोयाबीन की किस्में विकसित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, बल्कि हम मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में भी सक्रिय हैं। हमने संस्थान में एक अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सेंटर विकसित किया है, जहाँ नए उद्यमियों को सोया दूध और अन्य सोया उत्पादों के निर्माण के लिए तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईसीएआर द्वारा सुलभ कराई जा रही इस ‘टेक्नोलॉजी ट्रांसफर’ प्रक्रिया का उद्देश्य कृषि-व्यवसाय को बढ़ावा देना और ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।”

*फील्ड विजिट और कार्यप्रणाली का अवलोकन*
चर्चा के पश्चात, रिसर्च एसोसिएट डॉ. अभिषेक भार्गव ने मीडिया दल को प्लांट और प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया। उन्होंने प्लांट के संचालन संबंधी बारीकियों, प्रोसेसिंग यूनिट और प्लांट के सोयाबीन उत्पादों के उत्पादन के बारे में जानकारी दी, जिससे पत्रकारों को धरातल पर हो रहे कार्यों को समझने में मदद मिली।

*सम्मान और सौजन्य भेंट*
इस अवसर पर मीडिया दल के नेतृत्वकर्ता एवं सहायक निदेशक श्री समीर वर्मा ने संस्थान के निदेशक डॉ. कुंवर हरेंद्र सिंह को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और संस्कृति के प्रतीक स्वरूप ‘छत्तीसगढ़ी शाल’ ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही, उन्हें PIB रायपुर का स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भी भेंट किया गया।
इस भ्रमण के दौरान स्थानीय समन्वय और सहायता हेतु केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), इंदौर के क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री शाकिर मंसूरी भी दल के साथ उपस्थित रहे। भ्रमण के अंत में मीडिया दल ने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना की और इसे कृषि पत्रकारिता के दृष्टिकोण से एक अत्यंत ज्ञानवर्धक अनुभव बताया ।

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!