
*आकाशवाणी इंदौर द्वारा “लोकरंग उत्सव” का भव्य आयोजन संपन्न*
*मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड एवं जनजातीय अंचलों की समृद्ध लोकपरंपराओं की मनमोहक प्रस्तुति*
*इंदौर।* भारत के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती के अंतर्गत आकाशवाणी इंदौर द्वारा विक्रमोत्सव 2026 के अवसर पर, वीर भारत न्यास के सहयोग से आयोजित “लोकरंग उत्सव” का भव्य आयोजन आकाशवाणी परिसर, मालवा हाउस, इंदौर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजेश सिंह कुशवाह एवं श्रीराम तिवारी ने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उत्सव में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड एवं जनजातीय अंचलों की समृद्ध लोक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
लोकरंग उत्सव का मंच इन खूबसूरत प्रस्तुतियों से सजा रहा-
1. मालवी लोकगीत एवं नृत्य-हरिहरेश्वर पोद्दार और उनके साथी
2. निमाड़ी लोकगीत एवं नृत्य-पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं मंडली
3. बुदेलखंड के लोकगीत एवं नृत्य-रामप्रसाद अहिरवार और साथी
4. गोंडी गीतों के लोकगीत एवं नृत्य-बलिराम धुर्वे और साथी।
मालवी, निमाड़ी, बुंदेलखंडी एवं गोंडी लोकगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपने जीवंत प्रदर्शन से पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया और लोकसंगीत की रंगीन दुनिया से सभी को जोड़ दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आकाशवाणी इंदौर की टीम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी एवं बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।

अंत में सभी आकाशवाणी की टीम व लोक कलाकारों का आभार प्रकट करने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। “लोकरंग उत्सव” ने न केवल दर्शकों को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया, बल्कि भारतीय लोककला की जीवंतता और विविधता को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।
“लोकरंग उत्सव” का ये मनमोहक कार्यकम आप सुन सकते हैं आज आकाशवाणी इंदौर के विविधभारती चैनल पर प्रातः 10 बजे व प्राइमरी चैनल पर शाम 5 बजे से।



