
*इंदौर में 22 मार्च को होगा 48वां हिंदू सर्वजातीय परिचय सम्मेलन; 500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त*
*इंदौर —* आर्य समाज संचार नगर इंदौर एवं गुरु विरजानन्द वैदिक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आगामी रविवार, 22 मार्च 2026 को 48वें हिंदू सर्वजातीय परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह परिचय सम्मेलन संतोष सभागृह, रानी सती गेट पर होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक साझा मंच प्रदान करना है।
आर्य समाज मंदिर संचार नगर के प्रधान आचार्य भानु प्रताप वेदालंकार ने बताया कि अब तक इस सम्मेलन के लिए लगभग 500 प्रत्याशियों के बायोडाटा और फोटो प्राप्त हो चुके हैं। इस सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समावेशी प्रकृति है, जिसमें अविवाहित युवाओं के साथ-साथ विधवा, विधुर, तलाकशुदा और अधिक आयु के (प्रौढ़) प्रत्याशियों को भी अपना जीवनसाथी चुनने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के समन्वयक अशोक शास्त्री ने जानकारी दी कि इस आयोजन की ख्याति केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। सम्मेलन के दौरान ‘सर्वजातीय परिणय स्मारिका’ का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें सभी 500 प्रत्याशियों का पूर्ण विवरण और फोटो संकलित रहेंगे, ताकि इच्छुक परिवार सुगमता से उचित मिलान देख सकें।
विगत 21 वर्षों से निरंतर सेवा दे रहे आर्य समाज संचार नगर और गुरु विरजानन्द ट्रस्ट ने अब तक हजारों परिवारों के रिश्ते तय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्था द्वारा इंदौर के अतिरिक्त ग्वालियर और दिल्ली जैसे महानगरों में भी नियमित रूप से इस प्रकार के परिचय सम्मेलनों का सफल आयोजन किया जाता रहा है।

आयोजकों ने बताया कि जो प्रत्याशी पहले पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, उनके लिए सम्मेलन स्थल पर भी पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी। महिला सशक्तिकरण और प्रोत्साहन के उद्देश्य से युवतियों का पंजीकरण पूरी तरह से नि:शुल्क रखा गया है। साथ ही, जो युवतियां मंच पर आकर अपना परिचय देंगी, उन्हें संस्था की ओर से ‘सर्वजातीय परिणय स्मारिका’ उपहार स्वरूप नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।



