इंदौरमुख्य खबरे

महाकाल दर्शन से लौटते वक्त सड़क हादसा, ढाबा संचालक की मौत, कुक घायल

इंदौर। महाकाल दर्शन से लौट रहे ढाबा संचालक की धरावरा धाम के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके साथ मौजूद कुक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना मंगलवार रात धार रोड पर ग्राम बनोदा धन्नड़ के पास हुई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम बनोदा धन्नड़ निवासी सचिन मालवीय (25) के रूप में हुई है। सचिन अपने ढाबे में काम करने वाले कुक चेतन के साथ बाइक से उज्जैन महाकाल दर्शन कर लौट रहा था। चेतन राजस्थान का रहने वाला है। लौटते समय धरावरा धाम के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चेतन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों ने बताया कि सचिन हाईवे किनारे एक ढाबा चलाता था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। पिता खेती करते हैं। बेटे की अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने हादसे के बाद कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन और फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे से ग्रामीण क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button