धार में निकली राष्ट्र धर्म कावड़ यात्रा 25 हजार मातृशक्तियों ने धारनाथ महादेव का नर्मदा जल से किया जलाभिषेक, शहर हुआ धर्ममय

आशीष यादव
सावन का पावन महीना और सोमवार का दिन ऐसे शुभ संयोग पर धार में धर्म और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी सोमवार को राष्ट्र धर्म तिरंगा कावड़ यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया और अंत में धारेश्वर मंदिर पहुंचकर पूर्ण हुई, जहां 25 हजार से अधिक मातृशक्तियों ने मां नर्मदा के जल से बाबा धारनाथ का अभिषेक किया।
दो सप्ताह से चल रही थीं तैयारियां:
कावड़ यात्रा को लेकर शहर में बीते दो सप्ताह से विशेष तैयारियां चल रही थीं। भक्तों के जोश और आयोजन की भव्यता देखते ही बनती थी। खलघाट से मां नर्मदा का पवित्र जल लाया गया। इसके बाद 12 ज्योतिर्लिंगों, 4 प्रमुख तीर्थस्थलों और पवित्र नदियों के जल के साथ मिलाकर कावड़ों में भरा गया। इसके बाद कावड़ को घर-घर वितरित किया गया, जिससे हर कोई इस पुण्य अवसर से जुड़ सका।
ψ
हर हर महादेव की गूंज से गूंजा शहर:
सोमवार को जब कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई, तो पूरे शहर में एक अलौकिक माहौल बन गया। हर गली, हर सड़क तिरंगे से सजी हुई थी और जयकारों की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही थी। तिरंगा काे हाथ में लेकर कावड़ उठाई, महिलाएं भजनों पर थिरकते हुए चल रही थी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह भक्तों द्वारा स्वागत किया गया।
सीधा प्रसारण और भव्य जलाभिषेक:
आयोजनकर्ता राजीव यादव ने बताया कि इस बार की यात्रा में मातृशक्ति की सहभागिता ऐतिहासिक रही। धारेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से पूरे आयोजन का सीधा प्रसारण किया गया। इस मौके पर करणसिंह पंवार, अनंत अग्रवाल, कन्हैयालाल यादव, आशीष गोयल, नपा अध्यक्ष नेहा महेश बोड़ेने, नपा उपाध्यक्ष मंयक म्हाले, सन्नी रिन, मनोज ठाकुर, पूजा जितेंद्र अग्रवाल, सुमिता संजय मकवाना, विपुल चौपड़ा, लक्ष्मण पटेल, सुमित्रा चंदु वसुनिया, अनीता विशाल सिसोदिया,अनीता रमाकांत मुकुट छगन परमार, मनीष मकवाना, रवि मेहता सहित अाम जन माैजूद थे।