सेंधवा। कांग्रेस ने बाइक रैली निकालकर पार्टी के पार्षद प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन, विधायक रावत का दावा- जीतेंगे 15 से 16 वार्ड

सेंधवा।
सेंधवा नगर पालिका चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अंतिम चरण में है। तीन दिन पूर्व जहां भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आम सभा को संबोधित किया। वहीं मंगलवार को कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में शहर के सभी वार्डों में बाइक रैली निकाली।
बाइक रैली निवाली रोड स्थित निजी होटल से शुरू हुई, जो शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए सिनेमा चौराहे पर आकर समाप्त हुई। रैली के समापन के पूर्व ही सज्जन सिंह वर्मा और रवि जोशी शहर से निकल गए। मीडिया से चर्चा कर स्थानीय विधायक ग्यारसीलाल रावत ने दावा किया कि नगर पालिका में कांग्रेस की परिषद बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 15 से 16 वार्ड में चुनाव जीत रही है। कांग्रेस की बाइक रैली में कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, नगर पालिका चुनाव को लेकर बनाए गए पर्यवेक्षक और खरगोन विधायक रवि जोशी और स्थानीय कांग्रेस विधायक ग्यारसीलाल रावत सहित कई कांग्रेसी नेता और पार्षद पद के उम्मीदवार शामिल रहे।
भाजपा आज निकालेगी बाइक रैली-
कांग्रेस की बाइक रैली के बाद अब बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा बाइक रैली निकाली जाएगी। भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में पूर्व मंत्री अंतर सिंह आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, जिला उपाध्यक्ष विकास आर्य आदि नेता वार्डों में जाकर जन संपर्क कर रहे हैं। बीजेपी ने भी अपना घोषण पत्र जारी कर दिया है, जिसमें शहर में विकास के कई वादे किए हैं। इसने शहर को स्मार्ट सिटी बनाने, नर्मदा का पानी शहर लाने सहित कई वादे किए है। बुधवार को पूर्व मंत्री आर्य ने मंगलवार को वार्ड 20 सहित चार वार्डों में प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड 20 के प्रत्याषी निलेश यादव, भाजपा नेता अरूण चौधरी, विक्की छाबडा, लल्ला शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।