
-दशहरा मैदान में हुआ पाड़ा दंगल, धनगर समाज, कुशवाह समाज ने पशुधन की पूजा की
बड़वानी से रमन बोरखड़े।
। रोशनी पर्व दीपावली के पांचवें दिन मंगलवार को पड़वा के रुप में मनाया गया। इस दौरान सुबह से घरों के सामने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजन-अर्चना की गई। वहीं पशुपालकों ने पशुधन को रंग, फूलमाला आदि से श्रं्गारित कर मिष्ठान खिलाए और पूजन कर भ्रमण कराया। इस दौरान दिनभर दीपावली की बधाईयों का दौर चला। लोग एक-दूसरे परिचित रिश्तेदारों के यहां पहुंचे और पर्व की बधाईयों का आदान-प्रदान किया।
पड़वा की सुबह दशहरा मैदान पर धनगर समाज द्वारा पाड़ा दंगल का आयोजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन और शहरवासी पाड़ा दंगल देखने पहुंचे। पशुपालकों ने मोहल्ले में पशुधन को भ्रमण कराया और आतिशबाजी का आनंद लिया। वहीं शहर के आशाग्राम रोड पर कुशवाह समाज ने गोवर्धन पूजन की। समाज के आशाराम कुशवाह व अन्य परिजनों ने पशुधन को चमक, रंग, बलून, फूल माला आदि से सजावट कर ढोल ताशे के साथ पर्व का आनंद लिया। युवा राहुल कुशवाह ने बताया पड़वा पर यह परंपरा वर्षांे से चली जा रही हैं। इस दौरान सचिन कुशवाह, जितेंद्र कुशवाह, लखन कुशवाह, अमर कुशवाह, लोकेश कुशवाह, आशाराम कुशवाह, भागीरथ कुशवाह और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
पड़वा पर हुआ दशानन का दहन
शहर में पड़वा के दिन रावण दहन की अलग ही परंपरा हैं। शहर के नवलपुरा में मंगलवार को आतिशबाजी के साथ रावण के पुतले का दहन किया। रहवासियों ने बताया कि यह वर्षांे पुरानी परंपरा चली जा रही हैं।
सावरिया मंदिर में 56 भोग लगाया
शहर के बाईपास स्थित भगवान सांवरिया सेठ मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस दौरान भगवान सांवरिया सेठ मंदिर में साक्षात गिरिराज की सुंदर झांकी सजाई गई। देर शाम भगवान को 56 भोग लगाकर भव्य आतिशबाजी की गई।
बंद रहा बाजार, बसें कम चली
वहीं पड़वा के चलते शहर में 90 फीसदी बाजार बंद रहा। लोग पर्व का आनंद लेते नजर आए। यात्री बसों का संचालन भी बंद रहा। शाम के बाद कुछ मार्गांे पर इक्का-दुक्का बसों की आवाजाही शुरू हुई। इस दौरान लोग चाय-पान गुटका के लिए खुली दुकान ढूंढते नजर आए। उधर दीपावली पर्व और विधानसभा की आचार संहिता के मद्देनजर पुलिस जवान शहर के चौक-चौराहों पर तैनात रहे। वहीं मोबाइल वाहन से भी भ्रमण करते नजर आए।



