खेतिया में नव संवत्सर गुड़ी पड़वा उत्साह से मनी, हिंदू नव वर्ष पर समाजजनों ने एक दूसरे को दी बधाई, घर-घर लगी गुडी

खेतिया से राजेश नाहर।
गुड़ी पड़वा का पर्व हिंदू नव वर्ष चैत्र महीने के पहले दिन मनाया जाता है। आज से प्रारंभ हुए हिंदू नव वर्ष पर नागरिकों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। वहीं महाराष्ट्रीयन समाज के घरों पर गुड्डी लगा कर विधि विधान से पूजन कर विशेष रूप से बनाए जाने वाले व्यंजनों में पूरनपोली बनाई गई। घर और मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। खेतिया शहर में गुड़ी पड़वा के अवसर पर बाजारों में काफी भीड़ देखी गई। जहां विशेष रूप से आज आम के खरीदारी करते लोग दिखे। आम 150 से 200 रूपये प्रति किलो तक बिका।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने हिन्दू नववर्ष मनाया-
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा नगर खेतिया मे हिन्दू नववर्ष गुड़ीपड़वा उत्साह से मनाया गया। जिसमे श्याम गोरे, विभाग सामाजिक समरसता सहयोजक द्वारा डॉ केशव बलिराम हेडगेवार, भारत माता, गुरूजी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वहीं डॉ हेडगेवार के जीवन और उनके जीवन के संघर्ष को अपने बौद्धिक के माध्यम से सभी स्वयं सेवकों क़ो अवगत करवाया। संघ प्रार्थना कर कार्यक्रम के समापन के साथ स्वयं सेवकों द्वारा नगर मंे सभी नगरवासियों को तिलक, प्रसादी देकर नववर्ष की शुभकामनायें दी।
बड़वानी ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला बड़वानी द्वारा संचालित नगर के सरस्वती शिशु मंदिर, खेतिया में आज नव वर्ष विक्रम संवत् 2081 का आगमन पर्व गुड़ी पड़वा बड़े धूमधाम से मनाया गया। जिसमें विद्यालय प्रांगण में सर्वप्रथम गुड़ी पूजन एवं ध्वज का पूजन करने के बाद नगर के रवींद्रनाथ टैगोर चौक में सामूहिक ध्वज पूजन किया गया। इसके बाद विद्यालय के भैय्या बहनों के द्वारा नगर के गणमान्य नागरिकों एवं नगर वासियों को तिलक वंदन कर नववर्ष की मंगलमय शुभकामनाएं दी गई। साथ ही गुड़ व चने का प्रसाद वितरण किया। जिसमें नगर की शाखा टोली का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी स्थानीय समिति सदस्य एवं आचार्य परिवार उपस्थित रहा।

