भोपाल में 107 अफसरों का स्थानांतरण, 5 IAS को नई जिम्मेदारी मिली, भोपाल से उज्जैन तक तबादलों की लहर: जीवी रश्मि को महिला विकास विभाग सौंपा गया
मध्य प्रदेश सरकार ने पांच IAS अफसरों सहित कुल 107 प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया, उज्जैन, इंदौर और भोपाल सहित कई जिलों में नई पदस्थापनाएं की गईं।

भोपाल। सत्याग्रह लाइव। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के तहत सामान्य प्रशासन विभाग ने 5 IAS अफसरों सहित 107 अधिकारियों के तबादले किए हैं। उज्जैन नगर निगम में अभिलाष मिश्रा को नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है, वहीं स्टडी लीव से लौटे मनीष सिंह और जीवी रश्मि को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का बड़ा फेरबदल करते हुए 107 अधिकारियों को नई जगह पदस्थ किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को आदेश जारी किए।
अभिलाष मिश्रा को उज्जैन नगर निगम में नई जिम्मेदारी
2017 बैच के IAS अधिकारी अभिलाष मिश्रा, जो अब तक इंदौर में अपर आयुक्त पद पर कार्यरत थे, उन्हें उज्जैन नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
मनीष सिंह को मिला तकनीकी शिक्षा विभाग
स्टडी लीव से लौटे मनीष सिंह को प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव खेल और युवक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जीवी रश्मि को महिला और बाल विकास विभाग की कमान
IAS अधिकारी जीवी रश्मि को सचिव महिला और बाल विकास विभाग बनाया गया है। रश्मि अरुण शमी, जो अब तक इस विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, उनसे यह प्रभार वापस ले लिया गया है।
अन्य बदलाव: अनुराग सक्सेना और संदीप केरकेट्टा को नई जिम्मेदारी
प्रबंध संचालक बीज और फार्म विकास निगम अनुराग सक्सेना को अब अपर प्रबंध संचालक राज्य कृषि विपणन बोर्ड की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संदीप केरकेट्टा को मुख्यमंत्री के साथ उप सचिव और बीज एवं फार्म विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पूर्व अतिरिक्त प्रभारों से मुक्ति
मनीष सिंह के चार्ज लेने के बाद मनु श्रीवास्तव को नवीन और नवकरणीय ऊर्जा विभाग तथा खेल और युवक कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा। इसी तरह प्रमुख सचिव राजस्व विवेक पोरवाल भी तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।