सनावद। मानवता की मिसाल बनी पुलिस… सीपीआर देकर बचाई राहगीर की जान…

राहुल सोनी सनावद। पुलिस जहां एक और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने के साथ अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का काम करती है वहीं विपरित परिस्थितियों में किसी की जान बचाकर मानवता का भी संदेश देती है।
ऐसा ही एक उदाहरण थाने पर पदस्थ प्रधान आरक्षक गंभीर मीणा व आरक्षक श्रीकृष्ण बिरला ने प्रस्तुत किया। जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता ने ना सिर्फ एक राहगीर की जान बचाई बल्कि समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया।
सोमवार को दोनों पुलिसकर्मी थाना क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे तभी ढकलगांव रोड किनारे पर एक व्यक्ति बाइक से अचेत होकर नीचे गिरा हुआ दिखाई दिया वहीं उसके पास घबराई हुई महिला खड़ी हुई थी। वहां से गुजर रहे दोनों पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ी।
तत्काल स्थिति समझ कर बिना समय गंवाए आरक्षक बिरला ने बाइक से नीचे गिरे हुए राहगीर को सीपीआर दिया व प्रधान आरक्षक मीणा ने तत्काल 112 नंबर एंबुलेंस से संपर्क कर ढकलगांव रोड आने के लिए बताया। पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल दिए गए सीपीआर से कुछ ही समय में व्यक्ति की सांसे वापस आने लगी।
जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहगीर को अस्पताल भर्ती कराया व बेहतर उपचार के लिए व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। जहां डॉक्टरो ने उसकी स्थिति को अब खतरे से बाहर बताया।
पुलिसकर्मियों की त्वरित सूझबूझ, प्रशिक्षण व मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक अनमोल जीवन बच सका जिस पर लोगों ने हर्ष जताया।



