मध्यप्रदेशखंडवामुख्य खबरे

बुरहानपुर में सड़क हादसा: 12 फीट गणेश प्रतिमा गिरने से युवक की मौत Burhanpur shock: Youth crushed under Ganesh idol

लालबाग रोड पर हुआ हादसा, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

बुरहानपुर में गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को ले जाते समय सड़क पर बने गड्ढों से वाहन असंतुलित हुआ और प्रतिमा गिर पड़ी। इसके नीचे दबकर खंडवा निवासी युवक शशांक जोशी की मौत हो गई। हादसे के बाद शहरवासियों ने सड़कों की खराब स्थिति पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।


हादसे की पूरी घटना

लालबाग रोड स्थित तुलसी मॉल के पास रात करीब 9 बजे यह हादसा हुआ। हाटकेश्वर गणेश मंडल के सदस्य प्रतिमा को लालबाग से खंडवा ले जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के गड्ढों के कारण प्रतिमा गिर गई और उसके नीचे दबकर शशांक जोशी, उम्र 26 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे को देखकर शशांक का एक साथी भी बेहोश हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।


प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी

प्रतिमा सम्राट मौर्य आर्ट, लालबाग से लाई जा रही थी। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर सीएसपी गौरव पाटिल और पुलिस बल ने स्थिति संभाली। वहीं, एएसपी अंतर सिंह कनेश और एडीएम वीर सिंह चौहान अस्पताल पहुंचे और लोगों से चर्चा की।


नेताओं के बयान और आक्रोश

हिंदू महासभा प्रवक्ता ओम आजाद ने इस हादसे के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए शहर की सड़कों की मरम्मत की मांग की। कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी ने कहा कि पूरा शहर गड्ढों से भरा है और प्रशासन लापरवाह है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक युवक साइड से चल रहा था, इस कारण अन्य कोई घायल नहीं हुआ।


पहले भी हुई प्रतिमा गिरने की घटना

हादसे के बाद लोगों ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए। दरअसल, दो दिन पहले इच्छापुर रोड पर भी खराब सड़क के कारण गणेश प्रतिमा गिर गई थी। इसके बाद प्रशासन ने कुछ स्थानों पर पेचवर्क शुरू किया था। शनिवार को सिंधी बस्ती क्षेत्र में मरम्मत का काम भी हुआ और शाम को कलेक्टर ने शांति समिति की बैठक में अफसरों को सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। लेकिन उसी शाम यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button