खरगोन: महेश्वर पहुंचे क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, दो दिन करेंगे प्रवास
महेश्वर प्रवास के दौरान सचिन तेंदुलकर परिवार और साथ आए दल के साथ अहिल्याबाई की ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे।

खरगोन। दिनेश गीते। क्रिकेट के भगवान और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर रविवार को महेश्वर पहुंचे। 19 सदस्यों के दल के साथ आए तेंदुलकर का किला परिसर में आत्मीय स्वागत किया गया। वे यहां दो दिन रहकर अहिल्याबाई की विरासत और ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन करेंगे।
क्रिकेट जगत के दिग्गज और भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलकर रविवार को अपने परिवार और करीब 19 सदस्यों के साथ पर्यटन नगरी महेश्वर पहुंचे। उनका प्रवास पूरी तरह निजी है। तेंदुलकर यहां अहिल्या फोर्ट स्थित हेरिटेज होटल में ठहरे हैं और दो दिन तक महेश्वर की ऐतिहासिक धरोहर और घाटों का भ्रमण करेंगे।
स्वागत में उमड़ा उत्साह
किला परिसर पहुंचते ही नगर के क्रिकेट प्रेमी, होटल स्टाफ और देवी अहिल्या क्रिकेट क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे। तेंदुलकर का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने सहजता से सभी का अभिवादन स्वीकार किया और प्रशंसकों के साथ कुछ देर बातचीत भी की।
अहिल्याबाई की धरोहर से रूबरू
अपने प्रवास के दौरान सचिन तेंदुलकर महेश्वर के प्राचीन किले, नर्मदा घाट और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की समृद्ध विरासत को करीब से देखने वाले हैं। पहले दिन वे किला परिसर स्थित होटल में विश्राम कर रहे हैं।
उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने पूरी तैयारियां की थीं। एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी जगदीश सहित पुलिस बल लगातार तैनात रहा। सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रहे ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सम्मान और उपलब्धियां
सचिन तेंदुलकर को अब तक भारत रत्न, पद्मश्री, पद्मभूषण, अर्जुन पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्न और महाराष्ट्र भूषण सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। क्रिकेट में उनके योगदान ने उन्हें सदी का महान क्रिकेटर बना दिया है।