भोपाल से हज की सीधी उड़ान रद्द, यात्रियों को इंदौर-मुंबई से जाना होगा, भोपाल से खत्म हुई हज फ्लाइट सुविधा, राज्य हज कमेटी ने जताई नाराजगी
साल 2026 की हज यात्रा में भोपाल को एंबार्केशन प्वाइंट से हटा दिया गया है। अब राज्य के हज यात्री मुंबई या इंदौर के जरिए सऊदी अरब जाएंगे। राज्य हज कमेटी ने केंद्र सरकार को पत्र लिख पुनर्विचार की मांग की।

भोपाल। सत्याग्रह लाइव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से अब हज यात्रा के लिए सीधी उड़ान नहीं मिलेगी। 2026 की हज यात्रा में भोपाल को एंबार्केशन सूची से हटा दिया गया है, जिससे यात्रियों को इंदौर या मुंबई होकर जाना होगा।
भोपाल। मध्य प्रदेश के हज यात्रियों को 2026 में एक बड़ा झटका लगा है। राजधानी भोपाल को इस बार हज एंबार्केशन प्वाइंट की सूची से हटा दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अब भोपाल से सऊदी अरब के लिए सीधी हज फ्लाइट नहीं मिलेगी। यात्री या तो इंदौर या फिर मुंबई होकर हज यात्रा पर रवाना होंगे।
पहले 1200 यात्री भोपाल से जाते थे, अब विकल्प सीमित
वर्ष 2025 की हज यात्रा में मध्य प्रदेश से लगभग 8500 हज यात्री गए थे, जिनमें भोपाल से ही 1200 यात्री शामिल थे। इनमें से 320 यात्रियों को भोपाल से सीधी फ्लाइट के जरिये सऊदी भेजा गया था। अब राजधानी को सूची से हटाए जाने के कारण सभी यात्रियों को दूसरे शहरों से जाना पड़ेगा।
फ्लाइट सेवा का इतिहास और लागत
भोपाल से सऊदी के लिए डायरेक्ट हज फ्लाइट की शुरुआत वर्ष 2010 में हुई थी। तब पहली बार 14 सीधी उड़ानें भेजी गई थीं। बाद में यह संख्या घटती चली गई और वर्तमान में केवल 2-3 उड़ानें ही बची थीं। एक यात्री पर औसतन 70 हजार रुपये का खर्च आ रहा था, जो अन्य शहरों की तुलना में अधिक था। इसी वजह से अब भोपाल को हटा दिया गया है।
राज्य हज कमेटी ने जताई नाराजगी
मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इस फैसले पर नाराजगी जताई है। हज कमेटी के अध्यक्ष रफत वारसी ने कहा कि यह फैसला भोपाल और आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों के लिए असुविधाजनक है। कमेटी ने इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।
हज के लिए उपलब्ध एंबार्केशन प्वाइंट
कुल 17 शहरों से अब हज यात्रा के लिए सीधी फ्लाइट्स मिलेंगी: दिल्ली, मुंबई, इंदौर, नागपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, कोलकाता, गया, गुवाहाटी, चेन्नई, बेंगलुरु, जयपुर, कोचीन, कालीकट, श्रीनगर और कन्नूर।
हज आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई गई
हज यात्रा 2026 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन की अंतिम तिथि को 31 जुलाई से बढ़ाकर 7 अगस्त 2025 रात 11:59 बजे तक कर दिया है। इच्छुक यात्री निर्धारित समयसीमा में आवेदन कर सकते हैं