जबलपुर में कन्या विवाह योजना राशि गबन का बड़ा खुलासा, BJP मंडल अध्यक्ष निलंबित
पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि योजना की राशि निकालकर हड़प ली गई, विरोध के बाद BJP मंडल अध्यक्ष अकील अहमद अंसारी को तत्काल निलंबित कर जांच शुरू की गई।

जबलपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि में कथित गबन का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि BJP मंडल अध्यक्ष और अल्पसंख्यक नेता ने 40-50 महिलाओं के नाम पर मिलने वाली राशि हड़प ली।
जबलपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि हड़पने और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मंडल अध्यक्ष अकील अहमद अंसारी और अल्पसंख्यक नेता गुलाब नवी ने 40 से 50 महिलाओं के नाम पर मिलने वाली योजना की राशि गबन कर ली। बुधवार को पीड़ित मुस्लिम महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं के आरोप और धमकी
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि योजना की राशि निकालने के लिए आरोपियों ने उनसे हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए, लेकिन पूरी रकम खुद रख ली। जब महिलाओं ने पैसे वापस मांगे, तो उनके साथ बदतमीजी की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसपी ऑफिस के बाहर विरोध
एसपी कार्यालय के बाहर मुस्लिम महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और BJP नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।
BJP मंडल अध्यक्ष निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए। वहीं, घटना सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने मंडल अध्यक्ष अकील अहमद अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का पत्र जारी कर दिया।
योजना के नियम और प्रक्रिया
गौरतलब है कि इस वर्ष मंत्रि-परिषद द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में संशोधन को मंजूरी दी गई है। योजना के तहत कन्या और उसके अभिभावक गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करते हों, तथा बीपीएल पोर्टल पर उनका सत्यापन अनिवार्य है। सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन के लिए संभागवार वार्षिक कैलेंडर जारी कर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। योजना में प्रति कन्या 55,000 स्वीकृत हैं, जिनमें ₹49,000 वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से और 6,000 विवाह समारोह आयोजन हेतु संबंधित निकाय को दिए जाते हैं।