भोपाल: एमपी बीजेपी की नई कार्यकारिणी घोषित, लता वानखेड़े और सुमेर सोलंकी बने महामंत्री
प्रदेश नेतृत्व ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की, कई पुराने चेहरों को भी मिला दोबारा मौका।

सत्याग्रह डेस्क। रमन बोरखड़े। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी घोषित की गई है। इसमें चार महामंत्री, नौ उपाध्यक्ष और कई प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की गईं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में जारी इस सूची में कई पुराने और नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई कार्यकारिणी की घोषणा गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय से की गई। इस सूची में लता वानखेड़े, सुमेर सोलंकी, गौरव रणदिवे और राहुल कोठारी को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं, मौजूदा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव से पहले लोकेंद्र पाराशर से यह दायित्व आशीष अग्रवाल को दिया गया था। इसके अलावा, रीवा संभाग के संगठन मंत्री रहे श्याम महाजन को प्रदेश कार्यालय मंत्री बनाया गया है, जबकि अखिलेश जैन को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चार मोर्चों के अध्यक्षों में भी बदलाव किया गया है।
महामंत्रियों से उपाध्यक्ष बने रणबीर रावत
पूर्व विधायक रणबीर सिंह रावत, जो वीडी शर्मा की टीम में प्रदेश महामंत्री रहे थे, अब उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। प्रदेश मंत्री और विधायक मनीषा सिंह को प्रमोशन देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। शैलेंद्र बरुआ, जो पहले संभागीय संगठन मंत्री रहे हैं, उन्हें भी इस बार प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।
प्रदेश की नई टीम में संगठन ने संतुलन बनाते हुए अनुभव और युवा नेतृत्व दोनों को स्थान दिया है। मुख्यमंत्री के करीबी प्रभुलाल जाटव और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी को भी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांत देव सिंह को एक बार फिर से वही जिम्मेदारी मिली है। वहीं, मध्य प्रदेश युवा कल्याण आयोग के पूर्व अध्यक्ष निशांत खरे को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है