बड़वाह। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया….मनरेगा योजना के नाम, स्वरूप और प्रावधानों में बदलाव की की निंदा…

कपिल वर्मा बड़वाह। ब्लॉक कांग्रेस बड़वाह द्वारा नवनियुक्त अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस का 140 वाँ स्थापना दिवस रविवार को पंचायत क्षेत्र सिरलाय में मनाया गया।
जहां कांग्रेस जनों ने महात्मा गांधी के चित्र पर तिरंगे सूत एवं पुष्प माला पहना कर देश के लिए बलिदान देने वाले हजारों हजार शहीदों और महान नेताओं का स्मरण कर भारत माता की जय और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की विचारधारा राष्ट्र के उत्थान के लिए, संविधान और प्रजातांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए और नागरिकों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक समानता उनकी स्वतंत्रता और संविधान प्रदत्त अधिकार की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है। देश और प्रदेश में सकारात्मक किंतु सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार की जन विरोधी नीतियों और गलत फैसलों का विरोध करेगी।
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा देश में लागू की गई रोजगार एवं ग्रामीण विकास मूलक महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के नाम, स्वरूप और प्रावधानों में बदलाव के फैसले करने पर भाजपा की मोदी सरकार की तीखी निंदा करते हुए आक्रोश व्यक्त किया।



