उपमुख्यमंत्री देवड़ा और विजय शाह के पुतले जलाए, दोनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की
-कर्नल व सेना को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन।

सेंधवा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय सेना के प्रति देशभर में गर्व की भावना है। इस बीच मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और वन मंत्री विजय शाह के विवादित बयानों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। कर्नल सोफिया कुरैशी व सेना को लेकर दिए बयान के विरोध में रविवार दोपहर डेढ़ बजे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सिलदार सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सेंधवा के किला गेट चौराहे पर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों मंत्रियों का पुतला दहन किया। युवक कांग्रेस नेता सिलदार सोलंकी ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ सफल कार्रवाई की है। सेना ने कई आतंकी ठिकानों को नष्ट किया है। सोलंकी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने सेना के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया है। वन मंत्री शाह ने महिला सैन्य अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोनों नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सिलदार सोलंकी सहित पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलाल खरते, अभिषेक ठक्कर, अमित गुर्जर, आदित्य गोयल, प्रिंस शर्मा, यश ठक्कर, संतवीर भाटिया, शोभाराम पटेल, परसराम सेनानी, खूमसिंग कनोजे, समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से दोनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है।





