सेंधवा: सुमेरसिंह सोलंकी को भाजपा प्रदेश महामंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, सेंधवा में सुमेरसिंह सोलंकी के सम्मान की तैयारी
राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी के भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में महामंत्री नियुक्त होने पर कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया, बैठक में उनके स्वागत और गौरव दिवस की तैयारियों पर चर्चा हुई।

सेंधवा। रमन बोरखड़े। राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में महामंत्री बनाए जाने पर सेंधवा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और उनके सेंधवा आगमन की तैयारियां शुरू कर दीं। बलवाड़ी में 15 नवंबर को गौरव दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा तय हुई।
सेंधवा में राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में महामंत्री नियुक्त किए जाने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। सोलंकी के सेंधवा आगमन को लेकर कार्ययोजना बनाने और 15 नवंबर को बलवाड़ी में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आदिवासी गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगरपालिका जनसंपर्क कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं और जताया विश्वास
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि बड़वानी जिले के युवा आदिवासी नेता सुमेरसिंह सोलंकी को प्रदेश कार्यकारिणी में दी गई यह जिम्मेदारी पश्चिम निमाड़ के लिए गौरव की बात है। पूर्व जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी ने कहा कि सोलंकी का संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण पार्टी को नई ऊर्जा देगा। विकास आर्य ने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के विकास को प्राथमिकता देते हुए नेतृत्व में भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
गौरव दिवस की तैयारियां शुरू, स्वागत की रूपरेखा बनी
नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि भाजपा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाकर संगठन में नई चेतना ला रही है। उन्होंने कहा कि सुमेरसिंह सोलंकी को मिली यह जिम्मेदारी उसी विश्वास का प्रतीक है। सोलंकी के शीघ्र सेंधवा आगमन पर भव्य स्वागत की योजना बनाई जा रही है। बैठक में शोभाराम तरोले, कीर्ता वड़वी, जगरिया सेनानी, भीमा सोलंकी, प्रकाश निकुम, विवेक तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे



