सेंधवा। अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि और कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर भाजपा ने किया स्मरण

सेंधवा। नगर पालिका जनसंपर्क कार्यालय में शनिवार दोपहर 12:30 बजे भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों नेताओं के योगदान को याद किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी ने स्मरण करते हुए बताया कि भाजपा के प्रथम अधिवेशन के समय अटलजी को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया था। उस समय संगठन चलाने के लिए महिलाओं ने अपने गहने और पुरुषों ने धनराशि भेंट की थी। उन्होंने कहा कि 1980 में हम लोग ट्रक में रेत भरकर गादी बिछाकर बॉम्बे पहुंचे थे, जहां अटलजी को अध्यक्ष बनाया गया। अटलजी का पूरा जीवन सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा।
भाजपा नेता विकास आर्य ने कहा कि वाजपेयी जी एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीते। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल को आज भी ऐतिहासिक माना जाता है, जिसमें पोखरण परमाणु परीक्षण, दूरदर्शी आर्थिक नीतियां और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी आधारभूत संरचना की योजनाएं शामिल हैं। गोविंद शर्मा मामा ने कहा कि उनका सेवाभाव और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि अटलजी के व्यक्तित्व और कार्यों के कारण उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे के समर्पण को याद करते हुए कहा कि ठाकरेजी ने संगठन के लिए परिवार का त्याग कर भाजपा को ही अपना परिवार माना, उनके योगदान से ही पार्टी आज विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित हुई।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने किया और आभार मंडल अध्यक्ष राहुल पवार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा के सुरेश गर्ग, गणेश राठौड़, रामेश्वर पालीवाल, सुनील शर्मा, प्रकाश निकुम, विवेक छाबड़ा, रोहित गर्ग, विवेक तिवारी, प्रखर शर्मा लला, सचिन शर्मा, श्याम पाटिल, सुनील भिंडा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।